संजय सिंह, पटना: बिहार के खगड़िया जिले के महेशखूंट में एक आम दोपहर थी। नेशनल हाईवे-231 के किनारे जिंदगी अपनी रफ्तार से चल रही थी। लोग आते-जाते, दवाइयां खरीदते और ‘हरि ॐ मेडिकल’ को एक साधारण मेडिकल स्टोर समझकर आगे बढ़ जाते। किसी को अंदाजा नहीं था कि इस दुकान के भीतर एक ऐसा राज छिपा है, जो पूरे इलाके को हिला देगा। अब पता चला है कि इसी दुकान के पीछे देह व्यापार का बड़ा कारोबार चल रहा था।
काफी समय से आसपास के लोगों को इस दुकान पर कुछ अजीब सा लग रहा था। दिन हो या रात, यहां युवाओं की असामान्य आवाजाही बनी रहती थी। कुछ चेहरों की घबराहट, कुछ की जल्दबाजी और दुकान के अंदर बने बंद केबिन सब कुछ एक रहस्य की ओर इशारा कर रहा था। आखिरकार, किसी ने हिम्मत जुटाई और पुलिस को इसकी गुप्त सूचना दे दी।
यह भी पढ़ें: नोएडा के मजदूरों से पाकिस्तानियों ने करवाया प्रदर्शन? UP के मंत्री का गंभीर आरोप
सूचना मिलते ही महेशखूंट पुलिस हरकत में आ गई। एक टीम बनाई गई, योजना तैयार हुई और फिर दोपहर करीब 2:30 बजे ‘हरि ॐ मेडिकल’ पर अचानक छापा पड़ गया। जैसे ही पुलिस दुकान के अंदर दाखिल हुई, सामने का दृश्य चौंकाने वाला था। दवाइयों की अलमारियों के पीछे बने गुप्त केबिनों में कुछ ऐसा चल रहा था, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।
दवा दुकानदार और उसकी पत्नी की भूमिका संदिग्ध
पुलिस ने मौके से कई युवक और युवतियों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा। अब साफ हो चुका था यह मेडिकल स्टोर नहीं, बल्कि देह व्यापार का अड्डा था। इस पूरे नेटवर्क के पीछे दुकान के संचालक अभिमन्यु कुमार और उनकी पत्नी प्रीति देवी का नाम सामने आया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। जांच की परतें खुलीं तो एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पुलिस ने अभिमन्यु कुमार के घर पर भी छापेमारी की, जहां से कोडीन युक्त संदिग्ध सिरप बरामद किए गए। शक जताया जा रहा है कि इन नशीले पदार्थों का इस्तेमाल इस अवैध धंधे को चलाने में किया जाता था।
यह भी पढ़ें: 'भूलो मत BJP वाले राज्यों में ही लौटना है...', किसे धमकी दे रहे सुवेंदु अधिकारी?
इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। जिन लोगों ने कभी इस दुकान को सामान्य समझा था, वे अब हैरान हैं। वहीं, आसपास के अन्य अवैध कारोबारियों में डर का माहौल है। स्थानीय लोग पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं। उनका मानना है कि अगर समय रहते यह खुलासा नहीं होता, तो यह अवैध धंधा और भी बड़ा रूप ले सकता था। महेशखूंट की इस कहानी ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि अपराधी अक्सर सबसे साधारण चेहरों के पीछे छिपे होते हैं। जरूरत है सतर्क नजर और सही समय पर उठाए गए कदम की क्योंकि एक छोटी सी सूचना भी बड़े खुलासे का कारण बन सकती है।
क्या बोली पुलिस?
गोगरी की डीएसपी साक्षी कुमारी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त मेडिकल स्टोर में अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना के आधार पर विधिसम्मत तरीके से छापेमारी की गई। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि वहां सेक्स रैकेट चलाया जा रहा था। उन्होंने यह भी बताया कि मामले में शामिल सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।