संजय सिंह, पटना: बिहार पुलिस ने खाना पकाने वाली गैस की कमी पैदा करके मुनाफाखोरी करने वालों पर शिकंजा कस है। पूरे राज्य में एक अभियान शुरू किया है। इस अभियान के दौरान अब तक 419 LPG सिलेंडर जब्त किए गए हैं, जबकि 10 FIR दर्ज होने के बाद 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। प्रशासन की इस त्वरित और निर्णायक कार्रवाई से जमाखोरों और कालाबाजारियों में हड़कंप मच गया है।
दरअसल, हाल के दिनों में कई जिलों से यह शिकायत मिल रही थी कि कुछ असामाजिक तत्व गैस सिलेंडरों की जमाखोरी कर बाजार में संकट पैदा कर रहे हैं। आम उपभोक्ताओं को परेशान कर ऊंचे दामों पर सिलेंडर बेचने की कोशिशें तेज हो गई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय हरकत में आया और डीजीपी विनय कुमार के निर्देश पर पूरे राज्य में एक साथ अभियान छेड़ दिया गया।
यह भी पढ़ें: स्विगी-जोमैटो पर रोक! सोसाइटी का सख्त फरमान, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान
अभियान के दौरान सबसे बड़ी कार्रवाई अररिया जिले के फारबिसगंज थाना क्षेत्र में सामने आई, जहां एक ही जगह से 261 LPG सिलेंडर जब्त किए गए। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है। इतनी बड़ी मात्रा में सिलेंडरों की बरामदगी ने इस बात की पुष्टि कर दी कि संगठित तरीके से कालाबाजारी का नेटवर्क सक्रिय था।
इन जगहों पर भी हुई छापेमारी
इसके अलावा अन्य जिलों में भी पुलिस ने लगातार छापेमारी कर जमाखोरों की कमर तोड़ने का काम किया है। शिवहर थाना क्षेत्र में 6 सिलेंडर जब्त कर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि मधेपुरा के सिंहेश्वर स्थान थाना में एक सिलेंडर के साथ एक आरोपी पकड़ा गया।
यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव के बाद बिहार कांग्रेस में भूचाल, 3 विधायकों के कदम से मचा हड़कंप
बेगूसराय के लाखो थाना क्षेत्र में 11 सिलेंडर के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। सारण जिले में भी दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए हरिहरनाथ थाना क्षेत्र में दो प्राथमिकी दर्ज की गईं। एक मामले में 3 सिलेंडर के साथ एक आरोपी और दूसरे में 1 सिलेंडर के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। वहीं, नगर थाना क्षेत्र में 3 सिलेंडर के साथ दो लोगों को दबोचा गया।
मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र में 7 सिलेंडर के साथ एक आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया। इसके अतिरिक्त सिवान के मुफस्सिल थाना और कटिहार के सहायक थाना क्षेत्र में भी गैस जमाखोरी के मामलों में एक-एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस इन मामलों में आगे की जांच कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
यह भी पढ़ें: जिम के बाहर प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, चंडीगढ़ में 24 घंटे में दूसरी फायरिंग
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और गैस की कालाबाजारी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। आम लोगों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं गैस सिलेंडर की अवैध जमाखोरी या ऊंचे दामों पर बिक्री की सूचना मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें। प्रशासन की नजर अब ऐसे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने पर है, ताकि रसोई गैस की आपूर्ति सामान्य बनी रहे और लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।