बिहार में अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। रोहतास जिले के सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बीती रात डबल मर्डर की घटना हुई। बनरसिया गांव में घर की छत पर सो रहे दंपति की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में दहशत का माहौल है। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय ननकी देवी और 45 वर्षीय मणि भूषण कुमार के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि मणि भूषण कुमार मूल रूप से बेतिया जिले के रहने वाले थे और बाद में यहां आकर बस गए थे। ननकी देवी के पहले पति की करीब पांच साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद ननकी देवी ने अपने देवर मणि भूषण कुमार से शादी कर ली थी। घटना की सूचना मिलते ही सासाराम मुफस्सिल थाने की पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें: पूर्णिया में 4 करोड़ की स्मैक के साथ 6 गिरफ्तार, महिलाओं की आड़ में की तस्करी
छत पर सो रहे थे पति-पत्नी
जानकारी के अनुसार, ननकी देवी और मणि भूषण रोज की तरह रात में घर की छत पर सो रहे थे। गर्मी के कारण गांव में अक्सर लोग छत पर सोते हैं। इसी दौरान देर रात करीब दो बजे कुछ अज्ञात अपराधी छत पर पहुंचे और दोनों पर गोलियां चला दीं। गोली लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। दोहरे हत्याकांड के बाद इलाके में डर का माहौल है। मृतक दंपति के बच्चे भी घटना से काफी डरे हुए हैं। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया गया है कि ननकी देवी और मणि भूषण कुमार बेदा मोड़ के पास वेज कॉर्नर और वेबीज भंडार की दुकान चलाते थे। दोनों मेहनत कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके चार बच्चे हैं। इनमें दो बेटे अभिषेक कुमार और सन्नी कुमार हैं जबकि दो बेटियां हैं। परिजनों के अनुसार, दंपति ने एक बेटी की शादी कर दी थी जबकि दूसरी बेटी अभी अविवाहित है। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पहले पति की मौत के बाद की थी शादी
मिली जानकारी के मुताबिक, ननकी देवी के पहले पति कृष्णा बिन्द की करीब पांच साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद ननकी देवी अकेली हो गई थीं। इसके बाद उन्होंने अपने देवर के साथ मिलकर बेदा मोड़ के पास ‘वेज कॉर्नर’ नाम से भोजनालय शुरू किया था। भोजनालय चलाने के दौरान दोनों एक-दूसरे के करीब आए। इसके बाद दोनों काफी समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहे और बाद में समाज की रजामंदी से शादी कर ली थी।
मृतका के बेटे अभिषेक कुमार ने घटना को लेकर जानकारी दी। उसके अनुसार, वारदात बीती रात करीब दो बजे हुई। उसने बताया कि वह नीचे वाले कमरे में सो रहा था। छत से तेज आवाज आने के बाद उसने कमरे से बाहर निकलने की कोशिश की लेकिन उसके कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था।
इसके बाद अभिषेक ने शोर मचाना शुरू किया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कमरे का दरवाजा खोला। इसके बाद सभी लोग छत पर पहुंचे तो ननकी देवी और मणि भूषण खून से लथपथ पड़े थे। अभिषेक के मुताबिक, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। दरवाजा बाहर से बंद होने की बात सामने आने के बाद आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने वारदात को इस तरह अंजाम दिया ताकि घर में मौजूद कोई व्यक्ति बाहर न निकल सके। हालांकि इस बारे में पुलिस की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें: बिहार में ऑनलाइन राजस्व सेवाओं में आएगी तेजी, लंबित मामलों का होगा निपटारा
पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव
घटना की सूचना मिलते ही सासाराम मुफस्सिल थाने की पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया। घटनास्थल से पुलिस ने साक्ष्य भी जुटाए हैं।
फिलहाल पुलिस ने परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस घटना के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान का पता लगाने में जुटी है। पुलिस प्रेम-प्रसंग, पारिवारिक विवाद और व्यावसायिक रंजिश समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।