बिहार में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर सियासत तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने UCC के मुद्दे पर केंद्र और बिहार की NDA सरकार पर निशाना साधा है। वहीं जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने फिलहाल इस मुद्दे पर कोई जल्दबाजी नहीं करने की बात कही है। पार्टी का कहना है कि UCC के प्रावधान सामने आने के बाद ही वह अपना रुख तय करेगी।
मनेर से RJD विधायक और पूर्व मंत्री भाई वीरेंद्र ने UCC का विरोध किया है। उन्होंने कहा, 'बिहार में किसी भी कीमत पर UCC लागू नहीं होने दिया जाएगा।' उन्होंने इस मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा और JDU से NDA छोड़कर RJD के साथ आने की अपील की।
यह भी पढ़ें: समस्तीपुर में नशे के लिए पैसे मांग रहा था बेटा, पिता ने मना किया तो कर दी हत्या
भाई वीरेंद्र ने सरकार पर साधा निशाना
भाई वीरेंद्र ने कहा, 'केंद्र सरकार महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ते अपराध जैसे असली मुद्दों से लोगों का ध्यान हटाने के लिए UCC का मुद्दा उठा रही है। देश में लोग महंगाई से परेशान हैं और युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं लेकिन इन मुद्दों पर बात नहीं हो रही है।' उन्होंने RSS और BJP पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार नागपुर के इशारे पर चल रही है। उन्होंने कहा, 'दिल्ली में बैठे लोग जो तय करते हैं उसे बिहार में लागू करने की कोशिश की जाती है। बिहार समाजवादी विचारों की धरती रही है और यहां UCC लागू नहीं होने दिया जाएगा।'
भाई वीरेंद्र ने केंद्र सरकार में दलित और वंचित समाज का प्रतिनिधित्व करने वाले मंत्रियों से इस्तीफे की मांग भी की। उन्होंने कहा, 'अगर समाज के हितों को नुकसान हो रहा है तो मंत्रियों को चुप नहीं बैठना चाहिए।' उन्होंने मंत्रियों से पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान से सीख लेने की बात कही। अगर UCC से दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के हितों को नुकसान होता है तो मंत्रियों को अपनी कुर्सी छोड़ देनी चाहिए।'
यह भी पढ़ें: बिहार के बाढ़ पीड़ितों को बड़ी राहत, CM सम्राट ने खाते में भेजे 7000 रुपये
भाई वीरेंद्र ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से BJP का साथ छोड़कर RJD के साथ आने की अपील भी की। उन्होंने कहा, 'DU और RJD की विचारधारा समाजवादी और धर्मनिरपेक्ष रही है। दोनों दल कर्पूरी ठाकुर और लोहिया की विचारधारा को मानते हैं। नीतीश कुमार को BJP का साथ छोड़कर RJD के साथ मिलकर बिहार में नई सरकार बनानी चाहिए।' भाई वीरेंद्र ने धर्मनिरपेक्ष दलों से एकजुट होने की अपील भी की। RJD के इस बयान के बाद UCC को लेकर बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। RJD की ओर से UCC के साथ-साथ BJP और NDA सरकार पर भी निशाना साधा जा रहा है।
वहीं JDU ने UCC को लेकर फिलहाल सावधानी से आगे बढ़ने की बात कही है। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा, 'UCC के प्रावधान अभी सार्वजनिक नहीं हुए हैं। ऐसे में पहले इसके प्रावधानों को देखा जाएगा और उसके बाद पार्टी इस पर चर्चा करेगी। बिना ड्राफ्ट देखे किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। अगर UCC के किसी प्रावधान को लेकर कोई परेशानी या आपत्ति सामने आती है तो पार्टी अपनी बात केंद्र सरकार के सामने रखेगी। जरूरत पड़ने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी बात की जाएगी।'
JDU की ओर से यह भी कहा गया है कि अगर UCC के प्रावधानों में कोई आपत्ति वाली बात नहीं होती है तो पार्टी बिना वजह इसका विरोध नहीं करेगी। पार्टी का कहना है कि पहले पूरे बिल को समझना जरूरी है और उसके बाद ही अंतिम रुख तय किया जाएगा। इस तरह UCC को लेकर RJD ने साफ तौर पर विरोध जताया है जबकि JDU ने अभी ड्राफ्ट सामने आने और उसके प्रावधान देखने के बाद फैसला लेने की बात कही है।