logo

मूड

ट्रेंडिंग:

छत्तीसगढ़ में बर्डफ्लू की दस्तक, 5500 मुर्गियां मारी गईं, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद 5,500 मुर्गियों की मौत हो गई है, जिसके बाद प्रशासन ने 5 किमी का इलाका सील कर हजारों अंडों को नष्ट कर दिया है।

Bird Flu, Photo Credit: Social Media

बर्ड फ्लू, Photo Credit: Social Media

शेयर करें

google_follow_us

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बर्ड फ्लू की दस्तक से हड़कंप मच गया है। यहां के कोनी स्थित सरकारी पोल्ट्री फार्म में पिछले पांच दिनों के अंदर करीब 5,500 मुर्गियों की मौत हो चुकी है। भोपाल भेजे गए सैंपल्स में बर्ड फ्लू (H5N1) की पुष्टि होने के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने खुद देर रात प्रभावित इलाके का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।

 

संक्रमण को और आगे फैलने से रोकने के लिए प्रशासन ने पोल्ट्री फार्म के आसपास के 5 किलोमीटर के दायरे को पूरी तरह बंद कर दिया है। इस पूरे क्षेत्र को 'कंटेनमेंट जोन' घोषित किया गया है, जिसका मतलब है कि अब यहां बाहरी लोगों के आने-जाने पर सख्त पाबंदी रहेगी। एसएसपी ने पुलिस बल को तैनात कर दिया है ताकि सुरक्षा में कोई चूक न हो और संक्रमण बाहर न जा सके।

 

यह भी पढ़ें: 'पैदल टॉयलेट जाने को मजबूर किया', RG कर अस्पताल में मरीज की मौत पर बवाल

खतरे को रोकने के लिए हजारों अंडे और मुर्गियां मारी गई

बर्ड फ्लू के वायरस को जड़ से खत्म करने के लिए सरकारी पोल्ट्री फार्म को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। संक्रमण और न फैले, इसलिए अब तक मरी हुई मुर्गियों के साथ-साथ वहां मौजूद लगभग 20,000 अंडों को भी वैज्ञानिक तरीके से नष्ट कर दिया गया है। इसके अलावा जो मुर्गियां अभी जिंदा हैं लेकिन उनके बीमार की आशंका है, उन्हें भी खास प्रक्रिया के तहत खत्म किया जा रहा है ताकि इंसानों तक यह बीमारी न पहुंचे।

लोगों का हेल्थ चेकअप और सफाई अभियान तेज

कलेक्टर ने स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग को निर्देश दिए हैं कि फार्म के आसपास रहने वाले सभी लोगों का तुरंत हेल्थ चेकअप किया जाए। अगर किसी में भी संदिग्ध लक्षण दिखते हैं, तो उसे फौरन इलाज दिया जाएगा। साथ ही नगर निगम को पूरे इलाके में सैनिटाइजेशन और साफ-सफाई करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

 

यह भी पढ़ें: घर पर बुला के पीटा, धमकी दी, पंजाब में अफसर की हत्या के मामले में नए खुलासे

 

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी गलत अफवाह पर ध्यान न दें और सिर्फ आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें। अगर कहीं भी किसी पक्षी की संदिग्ध मौत होती है, तो तुरंत अधिकारियों को सूचित करें। फिलहाल पक्षियों के परिवहन और खरीद-बिक्री पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।


और पढ़ें