बिहार की बांकीपुर विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत तेज हो गई है। जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा कि बीजेपी बांकीपुर में हार के डर से भ्रामक प्रचार कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री
नीतीश कुमार
का जो वीडियो वायरल हो रहा है उसे उन्होंने फर्जी बताया। इस वीडियो में नीतीश कुमार बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी के प्रत्याशी के लिए वोट मांग रहे हैं।
मनोज भारती ने कहा कि बीजेपी के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा, 'मैं बीजेपी से सिर्फ इतना कहना चाहूंगा कि वीडियो में जो बातें बोली गई हैं वही बातें आप नीतीश कुमार से किसी पत्रकार के सामने कहलवा दें। अगर वह कह देंगे तो हम अपने आरोप वापस ले लेंगे।'
यह भी पढ़ें: CJP की चेतावनी के बाद पीछे हटी बिहार सरकार, प्रदर्शनकारियों पर नहीं होगी FIR
उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने पिछले चुनाव में नीतीश कुमार के नाम पर बिहार की जनता से वोट मांगे थे लेकिन 5 महीने बाद ही उन्हें किनारे लगा दिया गया और उनके पीछे दरवाजा बंद कर दिया गया। उन्होंने आगे कहा, 'अब बांकीपुर में हार सामने दिख रही है तो फिर से उसी चेहरे को आगे किया जा रहा है। मतदाताओं को गुमराह करने के लिए बीजेपी ने एआई तकनीक का सहारा लिया है।'
BJP पर बरसे जन सुराज के नेता
जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष ने बीजेपी पर आचार संहिता उल्लंघन का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'बीजेपी के लोग गलत प्रचार कर रहे हैं। भ्रामक पोस्टर बनवाए जा रहे हैं। जन सुराज के पोस्टर और बैनर फाड़े जा रहे हैं। कार्यकर्ताओं को डराया-धमकाया जा रहा है। अगर कोई हिसाब मांगता है तो उसे सरेराह धमकाया जाता है। इसका वीडियो भी बांकीपुर की जनता ने देखा है।'
इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ ने भी बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने मंगलवार को कहा, 'चुनाव प्रचार खत्म होने में अब कुछ ही घंटे बचे हैं। जब प्रशांत किशोर बांकीपुर से चुनाव लड़ने आए थे तो उनके खिलाफ जिस तरह की भाषा इस्तेमाल की गई उसे मीडिया के सामने दोहराना भी संभव नहीं है।'
यह भी पढ़ें: 'सत्ता तंत्र का हो रहा दुरुपयोग', बांकीपुर चुनाव पर प्रशांत किशोर का बड़ा आरोप
कुमार सौरभ ने आगे कहा, 'बीजेपी पूरे देश में दूसरी पार्टियों को तोड़कर अपने में मिलाती रही है। उसके प्रत्याशियों को डराया, धमकाया और खरीदा जाता रहा है लेकिन बांकीपुर में बीजेपी की हालत यह है कि पहले प्रत्याशी ने नामांकन के 24 घंटे के अंदर ही अपना पर्चा वापस ले लिया। मजबूरी में दूसरा प्रत्याशी उतारना पड़ा। इससे साफ जाहिर है कि बीजेपी यहां कितनी कमजोर है। जनता सब देख रही है। बांकीपुर के मतदाता समझदार हैं। वे भ्रामक प्रचार और एआई वीडियो के झांसे में नहीं आएंगे।' उन्होंने चुनाव आयोग से भी मांग की कि इस तरह के फर्जी वीडियो और पोस्टर पर तुरंत कार्रवाई हो।