भारतीय जनता पार्टी आज पंजाब से आगामी विधानसभा चुनाव से पहले नशे के खिलाफ यात्रा शुरू करने जा रही है। इस बीच बीजेपी नेता पूर्व केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू नेपंजाब में अपने काफिले पर हमले की कोशिश का आरोप लगाया है। रवनीत बिट्टू पंजाब में बीजेपी की नशा मुक्त पंजाब यात्रा की शुरुआत के मौके पर पठानकोट में आयोजित रैली में शामिल होने जा रहे थे और इसी दौरान कथित तौर पर 100 से ज्यादा लोगों ने उनके काफिले पर हमला कर दिया। इन हमलावरों को रवनीत बिट्टू ने आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता बताया है।
इस हमले के बाद रवनीत बिट्टू ने कहा कि अगर मुझे कुछ हो जाता है तो पंजाब के डीजीपी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जिम्मेदार होंगे। बिट्टू ने आरोप लगाया कि पंजाब पुलिस हमलावरों के साथ मिलकर काम कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अगर पंजाब पुलिस ऐसा ही करती रही तो वह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सामने इस मुद्दे को उठाएंगे।
यह भी पढ़ें: बर्फीली मणिमहेश डल झील टूटने के बाद शुरू होगा शाही स्नान
AAP कार्यकर्ताओं पर लगा आरोप
रवनीत बिट्टू ने आरोप लगाया कि उन्हें पहले से ही शक था कि बीजेपी की नशा मुक्त पंजाब यात्रा के दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता इस तरह के हमले करने का प्रयास कर सकते हैं। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पेज पर लाइव आकर काफिले पर हुए हमले और स्कॉट गाड़ियों पर लगे निशान को भी दिखाए।
रवनीत बिट्टू ने सीधा आरोप स्थानीय विधायक अमनशेर सिंह शेरी पर उन पर हमला करवाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी भारतीय जनता पार्टी की इस यात्रा से डरी हुई है और उन्हें डर है कि कहीं नशा बेचने वाले पकड़े ना जाएं।
तीन लोगों को पकड़ने का दावा
रवनीत बिट्टू ने दावा किया कि उन्होंने तीन लोगों को पकड़ा है जो उन पर हमला करना की कोशिश कर रहे थे। उनकी सिक्योरिटी ने उन्हें एक घर में सेफ जोन बनाकर रखा, जहां बैठकर उन्होंने मीडिया से बातचीत की। आम आदमी पार्टी के ब्लॉक प्रधान जोबन पर आरोप लगाए कि वह खुद यह हमला करवा रहा है। उन्होंने वीडियो बनाकर दिखाया की पकड़े गए व्यक्ति के फोन पर गूगल मीट के जरिए हमले की प्लानिंग चल रही है और सभी लोग इसके जरिए जुड़े हुए हैं।
यह भी पढ़ें: 1.5 करोड़ में बिका नीरज चोपड़ा का भाला, PM मोदी के तोहफे नीलाम क्यों होते हैं?
इस दौरान आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में आए सांसद राघव चड्ढा ने पंजाब सरकार पर जमकर निशाना साधा और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार डर गई है और इसलिए हमारी पार्टी के मेंबर पर हमला कर रही है। उन्होंने कहा, 'AAP डर में हमारे नेता रवनीत सिंह बिट्टू पर हमला कर रही है। यह दिखाता है कि पंजाब में कानून व्यवस्था की क्या स्थिति है। एक पूर्व मंत्री जिसे जेड प्लस सिक्योरिटी मिली हुई है उस पर भी इस तरह के हमले हो रहे हैं। यह दिखाता है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की क्या हालत होगी।'