पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के गरिया स्थित फरताबाद इलाके से एक हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान बारासात निवासी सार्थक सरकार के रूप में हुई है जो सॉल्ट लेक में एक टेक कंपनी में कार्यरत थे। सार्थक फरताबाद में एक लड़की संचलिका और उसकी मां के साथ किराए के घर के मकान में रह रहे थे। मामले में पुलिस ने मां और बेटी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उनसे पूछताछ कर रही है।
पड़ोसियों की माने तो संचलिका घर से भागते हुए मदद के लिए चिल्लाते हुए निकली। आसपास मौजूद लोग जब वहां पहुंचे तो उन्होंने बिस्तर पर सार्थक को खून से लथपथ पाया। घटना की जानकारी मिलने के बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ें: Reels में देखे अंग बेचकर अमीर बनने के तरीके, मर्डर करके निकाल लीं आंखें और किडनी
क्या है पूरा मामला?
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, 7 नवंबर की देर रात सार्थक और संचलिका के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर संचलिका ने कथित तौर पर धारदार हथियार से सार्थक के कंधे पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सार्थक को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय निवासी सायन पाल के अनुसार, रात करीब 1:30 बजे अचानक एक महिला के रोने और मदद मांगने की आवाजें सुनाई दीं। जब लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि कमरे में युवक खून से लथपथ पड़ा हुआ था। साथ ही मदद मांगने वाली महिला की गर्दन पर खरोंच के कई निशान थे। पड़ोसियों ने तुरंत घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। एक अन्य पड़ोसी अर्कजीत बसु ने बताया कि यह कपल काफी समय से इस इलाके में रह रहा था लेकिन वे आसपास के लोगों से ज्यादा घुलते-मिलते नहीं थे। देर रात से पहले भी उस फ्लैट से जोर-जोर से बहस करने और शोर मचने की आवाजें आ रही थीं।
यह भी पढ़ें: पटाखों से 50 से ज्यादा लोगों की आखें झुलसीं, हमेशा के लिए अंधे हो गए कई लोग
पुलिस की जांच में क्या आया सामने?
बारूईपुर जिले के SP अरविंद कुमार आनंद ने बताया कि मामले की जांच शुरुआती दौर में है। पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि इस हमले में संचलिका की मां मौमिता की क्या भूमिका थी। पुलिस दोनों महिलाओं से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके। साथ ही, वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार और सभी घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने की कोशिश की जा रही है।