उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के छावनी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शादी समारोह के दौरान 11 साल के एक बच्चे ने रसगुल्ला खा लिया, जिससे नाराज कैटरर (खाने का ठेकेदार) ने जलते तंदूर में फेंक दिया। बच्चा बुरी तरह झुलस गया। आनन-फानन में बच्चे को लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
बस्ती पुलिस ने शुक्रवार को घटना की पुष्टि करते हुए जानताकी दी है। मामले में शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने पीड़ित के मामा देवीदीन निषाद की तहरीर पर गुरुवार को आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास के तहत एफआईआर दर्ज की है। यह घटना 15 अप्रैल की रात एक शादी समारोह में हुई।
यह भी पढ़ें: कौन है निदा खान? नासिक TCS कंपनी में धर्म बदलवाने के लगे आरोप
नानी के साथ रहता है बच्चा
आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर गांव का रहने वाला 11 साल का चमन उर्फ अमर बस्ती के बाघानाला स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था। वह अपनी नानी के साथ मलौली गोसाई में एक रिश्तेदार की शादी में आया था। आरोप है कि भोजन स्थल पर बार-बार रसगुल्ला निकालने से नाराज ‘कैटरिंग’ ठेकेदार ने पहले बच्चे को डराया और फिर उठाकर जलते तंदूर पर बिठा दिया।
यह भी पढ़ें: BJP विधायक के बेटे ने थार से बाईक को ठोंका, फिर दो महिलाओं को किया घायल
चीख सुनकर तंदूर से बाहर निकाला
इसी दौरान बच्चा अनियंत्रित होकर तंदूर के भीतर गिर गया। चीख सुनकर परिजनों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक वह चेहरे से कमर तक बुरी तरह झुलस चुका था। परिजन उसे पहले अयोध्या मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां से प्राथमिक ईलाज के बाद उसे लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
हरैया की पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) स्वर्णिमा सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द गिरफ्तारी होगी। सीओ ने बताया कि बच्चे को लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है और फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।