उत्तर प्रदेश के जौनपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शख्स ने अपनी कथित शादीशुदा गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी। आरोपी शख्स को शक था कि महिला किसी और व्यक्ति से फोन पर बात करती थी। जब रविवार को महिला ने अपना व्हाट्सएप चैट दिखाने से इनकार कर दिया तो आरोपी ने कथित तौर पर चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस को महिला का शव सड़क किनारे एक पॉलीथिन में मिला। शव के तीन टुकड़े कर अलग-अलग जगहों पर फेंके गए थे। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस ने आरोपी के घुटने में गोली मारकर उसे घायल कर दिया।
यह मामला जौनपुर के मड़ियाहूं इलाके का है, जहां सड़क किनारे काले प्लास्टिक बैग में महिला के शरीर के टुकड़े मिले। रविवार को सड़क किनारे कुछ लोगों ने संदिग्ध काली पॉलीथीन देखी तो पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक इस हत्या का आरोपी 42 साल का हेमल खाखरिया उर्फ दिलीप है, जिस पर 38 साल रेशमा खातून की हत्या का आरोप है।
यह भी पढ़ें: गोवा में टूरिस्ट को किराए पर नहीं मिलेगी थार! ऐसा क्यों करने वाली है सरकार?
व्हाट्सएप चैट न दिखाने पर की हत्या?
पुलिस की जांच के मुताबिक, 4 जुलाई की शाम रेशमा और हेमल एक साथ थे। इसी दौरान दिलीप ने रेशमा से उसका व्हाट्सएप चैट देखने के लिए फोन मांगा। जब रेशमा ने फोन देने से इनकार कर दिया तो हेमल गुस्से में आ गया और चाकू से उसका गला रेत दिया। इसके बाद उसने रेशमा के शव के तीन टुकड़े कर दिए। फिर हाथ, पैर और धड़ अलग-अलग कर पॉलीथिन में भरकर अलग जगह फेंक दिए।
आरोपी हेमल और रेशमा खातून के बीच पिछले कुछ समय से प्रेम संबंध थे। रेशमा वाराणसी के राजातालाब के केवलीपुर गांव की रहने वाली थी। वहीं हेमल मड़ियाहूं कस्बे की टीचर कॉलोनी में रहता था। रेशमा नौकरी की तलाश में मड़ियाहूं आई थी, जहां दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हो गए। इसके बाद रेशमा हेमल के साथ रहने लगी थी। वह कभी-कभी अपने गांव भी जाया करती थी। पुलिस रेशमा के परिवार से भी पूछताछ कर रही है। हत्या की खबर मिलने के बाद परिवार गहरे सदमे में है।