उत्तर प्रदेश के औद्योगिक हब नोएडा में गारमेंट और फैक्ट्री वर्कर्स के वेतन वृद्धि के प्रदर्शन ने सोमवार को उग्र रूप धारण कर लिया। पत्थरबाजी, वाहनों में आगजनी और सार्वजनिक संपत्ति की तोड़फोड़ की घटनाओं से पूरा इलाका दहल गया। पुलिस ने सख्त कार्रवाई की लेकिन प्रदर्शन आज भी जारी रहा। इस घटनाक्रम ने न केवल स्थानीय प्रशासन बल्कि पूरे सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है।
इस बीच कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और बीजेपी के कद्दावर नेता बृजभूषण शरण सिंह की बेटी और नोएडा सिटीजन फोरम की कार्यकारी उपाध्यक्ष शालिनी सिंह ने एक वीडियो जारी कर सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पूछा कि हाईटेक शहर नोएडा में इतना बड़ा प्रदर्शन अचानक हिंसक कैसे हो गया? खुफिया विभाग को इसकी कोई भनक तक क्यों नहीं लगी? उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह भी पढ़ें: नोएडा के कई इलाकों में पुलिस पर फिर से हुआ पथराव, मेड भी करने लगीं प्रदर्शन
प्रशासन पर उठाए सवाल
शालिनी सिंह ने कहा, 'आज नोएडा में जो कुछ हुआ, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। यह हमारे इंटेलिजेंस सिस्टम और पुलिस प्रशासन की पूरी असफलता को उजागर करता है। मजदूरों का आंदोलन इतना उग्र हो गया कि आपराधिक तत्व इसमें शामिल हो गए और उन्होंने आगजनी व तोड़फोड़ की। पूरे नोएडा में डर का माहौल है। मां-बाप अपने बच्चों को स्कूल से लाने के लिए परेशान थे। वर्क फ्रॉम होम का एलान तक कर दिया गया। एक हाईटेक शहर में इतना बड़ा प्रदर्शन अचानक हिंसक कैसे हो गया और इंटेलिजेंस को इसकी कानों-कान खबर क्यों नहीं हुई? नोएडा प्रशासन के पास ऐसी घटनाओं से निपटने की क्या तैयारी है?’
कहा- टास्क फोर्स नहीं है
उन्होंने आगे बताया कि नोएडा में कोई टास्क फोर्स नहीं है, न ही पैरा मिलिट्री फोर्स बुलाने की कोई व्यवस्था। मजदूरों की मांगे तक सही जगह नहीं पहुंचीं और आंदोलन को असामाजिक तत्वों ने हाईजैक कर लिया। शालिनी ने विनम्र अपील की, 'नोएडा को इस भय के माहौल से बाहर निकालिए। हम श्रमिकों की आवाज कैसे सुन पाएंगे जब ऐसा माहौल बन गया है?'
हरियाणा सरकार का फैसला बना ट्रिगर प्वाइंट
वास्तव में, मजदूरों का गुस्सा लंबे समय से पनप रहा था। ट्रिगर बना हरियाणा सरकार का हालिया फैसला, जिसमें अनस्किल्ड वर्कर्स के लिए न्यूनतम मासिक वेतन 35 प्रतिशत बढ़ाकर करीब 19,000-20,000 रुपये कर दिया गया। वहीं नोएडा में समान काम करने वाले मजदूर अभी भी महज 11,000 रुपये के आसपास वेतन पा रहे हैं। इस असमानता ने गुस्से को हवा दे दी।
यह भी पढ़ें: 'UP जल रहा है और योगी बाबू यहां..', नोएडा कांड के बहाने BJP पर बरसीं ममता बनर्जी
राजनीति में आने के संकेत
बृजभूषण शरण सिंह की बेटी शालिनी सिंह का यह बयान इसलिए भी अहम है क्योंकि उनके एक भाई बीजेपी सांसद हैं और दूसरे बीजेपी के ही टिकट पर विधायक। इसके बावजूद उन्होंने अपनी ही सरकार और पुलिस व्यवस्था की विफलता पर सवाल उठाए हैं। हाल ही में शालिनी राजनीति में सक्रिय रूप से आने के संकेत दे रही थीं, ऐसे में उनका यह वीडियो चर्चा का विषय बन गया है।