साउथ-वेस्ट दिल्ली के सत्य निकेतन के पास एक इमारत गिर गई है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इमारत गिरने की सूचना करीब 1:30 बजे मिली थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आशंका है कि कुछ लोग मलबे में फंसे हो सकते हैं। सूचना मिलते ही फायर डिपार्टमेंट की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव का काम शुरू कर दिया। घटना में कितने लोग फंसे हैं या किसी के हताहत होने की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
यह घटना मोती बाग के सत्य निकेतन इलाके में शिव मंदिर के पास हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली फायर सर्विस के चीफ फायर ऑफिसर ने बताया कि एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं, बाकी लोगों की तलाश अभी जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, मौके पर 12 फायर टेंडर और रेस्क्यू टीम राहत-बचाव के काम में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें: लोग रोकते रहे, बाय-बाय करके चिनाब नदी में कूद गई लड़की
काफी पुरानी थी इमारत
दिल्ली फायर सर्विस के डिविजनल ऑफिसर रामगोपाल मीणा ने बताया कि उन्हें प्यारे लाल रोड पर ज्वेलर्स के पास इमारत गिरने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि दो से तीन लोगों को पहले ही बाहर निकालकर जीवनमाला अस्पताल भेजा जा चुका था। इसके बाद फायर विभाग की टीम ने मलबे में किसी और के फंसे होने की आशंका को देखते हुए तलाशी अभियान शुरू किया। रामगोपाल मीणा के मुताबिक, मौके पर इमारत को गिराने का काम चल रहा था। उन्होंने बताया कि इमारत कितनी पुरानी है, इसकी सही जानकारी अभी नहीं है लेकिन यह काफी पुरानी और जर्जर हालत में थी।
घटना स्थल पर पहुंचे BJP विधायक
घटनास्थल पर रेस्क्यू के दौरान BJP विधायक अनिल शर्मा पहुंचे। उन्होंने कहा, 'यह बेहद दुखद घटना है। इससे ज्यादा दर्दनाक कुछ नहीं हो सकता। इस इमारत में अलग-अलग जगहों से छात्र पढ़ाई करने आते हैं और यहां पीजी में रहते हैं। अचानक यह इमारत गिर गई है। अभी यह कहना मुश्किल है कि अंदर पांच, दस या बीस छात्र फंसे हैं लेकिन इतना तय है कि कुछ छात्र मलबे में फंसे हुए हैं।'
यह भी पढ़ें: सरकारी पैसे भेजने का झांसा देकर ले लिया ATM, खाते में मंगाए 3 करोड़ रुपये
उन्होंने आगे कहा, 'NDRF और MCD की टीम ने दो छात्रों को अब तक सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। कुछ छात्र अंदर से फोन भी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने भी पूरी टीम को मौके पर भेजा है। पूरी सरकार इस घटना को लेकर चिंतित है और छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है। फिलहाल हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता यही है कि सभी छात्रों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकाला जाए।'