गुजरात के अहमदाबाद में अवैध मकानों के खिलाफ बुलडोजर एक्शन शुरु हो गया है। मोटेरा इलाके में स्थित आसाराम आश्रम के नजदीक लगभग 37 अवैध मकानों को ढहाया जा रहा है। पूरे इलाके में भारी पुलिसबल तैनात रहा, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न पैदा हो सके। पुलिस के मुताबिक करीब 12 मकान पहले ही खाली जो चुके हैं। वहीं यहां रहने वाले लोगों को पहले ही कार्रवाई की जानकारी दी जा चुकी है।
पुलिस का कहना है कि ध्वस्तीकरण अभियान शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रहा है। हालांकि कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और सरकार से घर की व्यवस्था करने की मांग की। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया। सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल है। इसमें महिलाएं और छोटे-छोटे बच्चे रोते-बिलखते दिख रहे हैं।
यह भी पढ़ें: LIVE: जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन, जुटने लगे समर्थक, अब आगे क्या
जोन-2 के पुलिस उपायुक्त भारत राठौड़ के मुताबिक इलाके में चार इंस्पेक्टर, आठ सब इंस्पेक्टर और 125 जवानों कौ तैनात किया गया है। 12 मकान पहले ही खाली हो चुके हैं। अन्य लोगों को अपना सामान हटाने की खातिर समय दिया गया है। करीब 15 दिन पहले ही यहां लोगों के साथ एक बैठक की गई थी। इसमें अहमदाबाद नगर पालिका की कार्रवाई के बारे में जानकारी गई थी।
उधर, नगर उपायुक्त रिद्धेश रावल का कहना है कि करीब एक साल पहले यहां रहने वाले लोगों को नोटिस दिया गया था। जब तक इनके नए मकान का निर्माण नहीं हो जाता है तब तक सरकार हर महीने 10 हजार रुपये किराया भी देने की बात कही है।
यह भी पढ़ें: 'तुझे ये जेल में डाल देंगे', अभिजीत दीपके ने बताया क्यों रो रही थी मां?
बुलडोजर एक्शन के खिलाफ स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। लोगों का कहना है कि वह बेघर हो चुके हैं। सरकार वैकल्पिक आवास की व्यवस्था करे। एक महिला ने कहा कि 14 जून को बेटी को पुलिस कांस्टेबल भर्ती की परीक्षा देनी है। मकान टूटने से उसकी परीक्षा प्रभावित हुई। अब उसके पास तैयारी करने की कोई जगह नहीं है।