कोलकाता के तिलजला इलाके में भीषण आग हादसे के बाद प्रशासन ने अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। बुधवार सुबह इलाके में बुलडोजर पहुंचा और अवैध फैक्ट्रियों व इमारतों को गिराने की कार्रवाई शुरू की गई। इस कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल और नगर निगम के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। आग हादसे में दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक जिस इमारत में अवैध लेदर फैक्ट्री चल रही थी, वहीं मंगलवार को आग लगी थी। शुरुआती जांच में सामने आया कि फैक्ट्री बिना मंजूर नक्शे के संचालित हो रही थी और वहां आग से सुरक्षा तथा बिजली व्यवस्था के जरूरी मानकों का पालन नहीं किया गया था। इसके बाद सरकार ने अवैध निर्माणों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए।
यह भी पढ़ें: मणिपुर में चर्च से जुड़े 3 लोगों की हत्या, घात लगाकर उग्रवादियों ने किया हमला
बुधवार को नगर निगम और पुलिस की टीम ने तिलजला इलाके में पहुंचकर फैक्ट्री वाली इमारत को तोड़ना शुरू कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि आसपास की इमारतों की भी जांच की जा रही है और नियमों का उल्लंघन मिलने पर उन्हें भी गिराया जाएगा। कार्रवाई के दौरान विरोध करने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में लिया। इस दौरान इमारत में रहने वाले परेशान दिखे और उन्होंने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।
प्रशासन पर लगे गंभीर आरोप
इमारत में रहने वाली नाजिया फिरदौस ने कहा, 'यह पूरी तरह से नाइंसाफी है। मैं मुख्यमंत्री से अपील करती हूं कि हमें 24 घंटे का स्टे ऑर्डर दिया जाए। हमें खुद को सही साबित करने का एक मौका मिलना चाहिए। अगर हम गलत साबित होते हैं तो कार्रवाई कीजिए। कल आग लगने के बाद जाहिर सी बात है कि कोई भी अपने जरूरी कागजात लेकर बिल्डिंग से बाहर नहीं निकल पाया होगा। हमारे पास सारे दस्तावेज हैं लेकिन वो बिल्डिंग के अंदर ही हैं। यह कोई अवैध बिल्डिंग नहीं है। अगर बिल्डिंग तोड़ दी गई तो फिर हम अपने कागजात कैसे निकालेंगे?'
यह भी पढ़ें: महिलाओं को इलेक्ट्रिक कार खरीदने पर मिलेगा 1 लाख रुपये का अनुदान
कई इलाकों में चलेगा अभियान
सरकार ने तिलजला के अलावा कसबा, मोमिनपुर और एकबालपुर जैसे इलाकों में चल रही अवैध फैक्ट्रियों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि बिना अनुमति चलने वाले कारखानों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि अवैध गतिविधियों और भ्रष्टाचार को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गौरतलब है कि मंगलवार दोपहर तिलजला की एक इमारत में लगी भीषण आग में दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कम से कम पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे।