महाराष्ट्र के पुणे से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां पुणे की सड़क पर एक सरकारी बस रॉन्ग साइड में तेज रफ्तार से चलती नजर आई, जिसे देखकर लोग हौरान रह गए। कुछ लोगों ने बस का पीछा किया और बस रुकवाई। जिसके बाद आरोपी शख्स के खिलाफ पुलिस को शिकायत की थी। पुलिस को जांच में पता चला कि आरोपी शख्स सरकारी बस चुराकर भाग रहा था। जिसे अब पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इस घटना में किसी भी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
यह घटना पुणे के डेक्कन बस स्टैंड की है, जहां शनिवार के दिन एक आरोपी शख्स ने अचानक महानगर परिवहन महामंडल लिमिटेड (PMPML) की बस चुरा ली। इस शख्स का नाम गोपाल बलराम सिंह राणा है, जिसकी उम्र 20 साल है। पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि गोपाल प्राइवेट बस चालक था।
यह भी पढ़ें: बिहार में हर जगह दिखेंगी 'पिंक दीदी', काम क्या करेंगी?
कैसे पकड़ा गया गोपाल?
पुलिस के मुताबिक, आरोपी गोपाल बस चुराकर पुणे के गुडलक चौक तक ले गया, जहां वह रॉन्ग साइड पर बस चलाने लगा। इस दौरान बस स्टैंड पर कई लोग मौजूद थे, जिन्होंने गोपाल को रोकने की कोशिश की। साथ ही, कुछ बाइक सवार गोपाल की बस का पीछा करने लगे। काफी देर बाद बाइक सवारों ने गोपाल की बस को रोक लिया।
इसके बाद उन लोगों ने मिलकर गोपाल को बस से बाहर निकाल दिया। उसी दौरान उन्होंने पुलिस को फोन कर बुलाया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच की, तब जाकर उन्हें पता चला कि गोपाल बस चुराकर ले जा रहा था।
यह भी पढ़ें: 4 महीने में 23 बाघों की मौत, मध्य प्रदेश में क्यों संकट में है टाइगर?
गोपाल ने बस क्यों चुराई?
यह मामला शिवाजीनगर पुलिस थाने में दर्ज किया गया है, जहां पुलिस अधिकारी जांच कर रहे हैं कि आखिर किस वजह से गोपाल ने बस चुराई। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या गोपाल शराब के नशे में था, जब उसने बस चुराई और रॉन्ग साइड पर बस चलाई। यह जानने के लिए पुलिस ने गोपाल की मेडिकल जांच कराई है।