बिहार के बक्सर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक मिडिल स्कूल के दो शिक्षकों ने मिलकर 12 नाबालिग छात्राओं के साथ दुष्कर्म किया और उनका अश्लील वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। मामला सामने आने के बाद गुस्साए लोगों ने दोनों आरोपी शिक्षकों की जमकर पिटाई कर दी। बाद में दोनों वहां से भाग निकले। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
इस घटना की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए टीचरों को फौरन सस्पेंड कर दिया। बुधवार को देर रात तक गांव वाले थाने के पास इकट्ठा हो गए और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
यह भी पढ़ें: साइबर अपराध पर कैसे लगेगी लगाम? 350 केस, 6 इंस्पेक्टर और गाड़ी सिर्फ 1
क्या है पूरा मामला?
यह घिनौना काम दोनों कई महीनों से कर रहे थे। दोनों ने छात्राओं का अश्लील वीडियो भी बना लिया था, 3 दिन पहले जब यह अश्लील वीडियो इंटरनेट और सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तब परिजनों और ग्रामीणों को इसके बारे में पता चला। इस घटना के सामने आने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने स्कूल पहुंचकर दोनों आरोपी शिक्षकों को घेर लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी तुरंत मौके पर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि दोनों कुछ नाबालिग छात्रों को प्रलोभन देकर अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद दुष्कर्म का वीडियो बना कर उन्हें ब्लैकमेल करते थे। दोनों ब्लैकमेल के दौरान छात्राओं से कहते थे कि अपनी सहेली को भी ले आओ। दोनों शिक्षकों ने किराये के घर और होटल में इन घटनाओं को अंजाम दिया है। दोनों शिक्षकों में से एक पहले से शादीशुदा है और अपने ही गांव की एक लड़की के साथ छेड़खानी के आरोप में जेल जा चुका है, इसके अलावा दूसरा शिक्षक अविवाहित बताया जा रहा है।
आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
इस मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश पर दोनों आरोपी शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर बीआरसी से संबद्ध कर दिया गया है। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर ली है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गांव-गांव छापेमारी जारी है। शिक्षा विभाग जल्द औपचारिक आरोप पत्र तैयार कर सख्त विभागीय कार्रवाई करेगा, वहीं पुलिस वायरल वीडियो और परिजनों के बयानों के आधार पर POCSO एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
इस घटना के बाद से स्थानीय लोग गुस्से में हैं, बुधवार की देर रात तक बड़ी संख्या में ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने के पास जुटे थे। लोगों का कहना है कि इस शर्मनाक हरकत का वीडियो कई दिनों से पूरे इलाके में वायरल था, इसके बाद भी पुलिस और अन्य जिम्मेवार अधिकारियों ने इसका समय पर संज्ञान नहीं लिया।