बिहार के बक्सर जिले में एक शादी समारोह के दौरान जयमाला से ठीक पहले दुलहन को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल दुलहन को पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर वाराणसी रेफर किया गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है। यह वारदात मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा इलाके में हुई। जयमाला की रस्म के दौरान एक युवक भीड़ में शामिल हो गया और मौका देखकर स्टेज के पास पहुंचकर गोली चला दी।
उसने अचानक पिस्टल निकालकर दुलहन पर फायर कर दिया। गोली लगते ही दुलहन स्टेज पर गिर पड़ी। शादी के तेज संगीत के कारण पहले लोगों को समझ नहीं आया कि क्या हुआ लेकिन कुछ ही क्षणों में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो सामने आया है। इसमें साफ देखा जा सकता है कि जयमाला के समय आशिक भीड़ में शामिल हो गया था और मौका देखते ही गोली चला दी। इसके बाद दुलहन स्टेज पर ही गिर गई।
यह भी पढ़ें: पापा ने NEET की तैयारी के लिए कहा, बेटे ने हत्या कर ड्रम में छिपाई लाश
कौन था हमलावर?
दुलहन के गिरते ही, स्टेज पर खड़ी लड़कियां जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। किसी ने आरती को गोली मार दी। जब परिवार के लोगों ने देखा तो उसके पेट से खून बह रहा था। गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। इसी का फायदा उठाकर आरोपी प्रेमी फरार हो गया। लोग दुलहन को सदर अस्पताल ले गए। रास्ते में आरती कुमार पेट में लगी गोली दिखाती रही और यह कहती रही कि दीनबंधु ने मुझे गोली मारी है।
अपनी शादी के सपने सजाए दुलहन को लेने पहुंचा दूल्हा फायरिंग से हक्का-बक्का रह गया। उसकी समझ नहीं आ रहा था कि हुआ क्या। लड़के वालों ने अफेयर के बारे में जानकारी होने से इनकार किया है। दूल्हे का मछलियों का कारोबार है। गांव वालों के अनुसार, आरोपी दीनबंधु दुलहन का पड़ोसी है और यह मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा है। दोनों का घर अगल-बगल में है। दुलहन के पिता का कहना है, 'दीनबंधू आरती से एकतरफा प्यार करता था। हमारी लड़की से इसको प्यार था, मेरी बेटी को नहीं था, इसलिए दोनों की शादी करवाने की बात कभी सामने ही नहीं आई।’
यह भी पढ़ें: दिल्ली में मां और तीन बच्चों की गला रेतकर हत्या, पति फरार, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी के पिता को हिरासत में लिया
पुलिस ने आरोपी के पिता रमाशंकर चौधरी को हिरासत में ले लिया है। लड़के के पिता ने बताया, 'लड़की का घर पास में ही है लेकिन पता नहीं था कि मेरा बेटा उससे प्रेम करता है। हमें पता होता तो पुलिस-प्रशासन और समाज के सामने हाथ जोड़ इसकी शादी करा दिए होते। ऐसी घटना की नौबत ही नहीं आती। घटना के बाद रिश्तेदार के पास फोन आने लगे हैं, सब उसकी जानकारी ले रहे है कि घटना के बाद दीनबंधु कहां गया है।'
स्थानीय युवक ने बताया, युवक का लड़की के साथ दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। एक साल पहले भी लड़की की शादी तय हुई थी लेकिन प्रेमी युवक ने लड़के वाले के यहां फोन कर उन्हें परेशान करना शुरू कर दिया, जिसके बाद लड़के वालों ने शादी तोड़ दी। पुलिस ने आरोपी के घर को खाली करवा कर ताला लगा दिया है। अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि यह मामला प्रेम प्रसंग का है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। शादी में मौजूद लोगों से भी पूछताछ होगी।