बिहार के बक्सर में उत्पाद विभाग ने वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट पर शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में उत्तर प्रदेश की तरफ से आ रहे DCM ट्रक से 31.53 लाख रुपये की विदेशी शराब बरामद की गई। कंटेनर का लॉक तोड़कर जब तलाशी ली गई तो अंदर से हरियाणा निर्मित रॉयल ग्रीन ब्रांड की शराब की 297 पेटियां मिलीं।
शराब की पेटियां 300 पोटाश फॉस्फेट के हरे रंग के डिब्बे के पीछे छिपा कर रखी गई थीं। कार्रवाई की भनक लगते ही चालक कंटेनर छोड़कर फरार हो गया। उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल के मुताबिक, पकड़ी गई शराब और कंटेनर को जब्त कर लिया गया है। मामले में सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस के मालिक के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें: खेत में निकला मगरमच्छ, पीठ पर लादकर युवक पहुंचा थाने; पुलिसवाले भी हैरान
चालक के संदिग्ध हरकत से टीम को हुआ शक
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि करीब 3 बजे चेक पोस्ट प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में नियमित जांच अभियान चल रहा था। इसी दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से आ रहे सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस के एक कंटेनर को रोका गया। टीम ने चालक से गाड़ी के कागजात और इनवॉइस मांगे। चेक पोस्ट पर जाम न लगे, इसलिए टीम ने चालक से कंटेनर को किनारे लगाने को कहा।
चालक कंटेनर लेकर करीब 50 मीटर आगे गया और उसे सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इसके बाद वह बहाना बनाकर वहां से फरार हो गया। चालक की संदिग्ध हरकत देखकर उत्पाद टीम को शक हुआ। उन्होंने तुरंत कंटेनर की जांच का फैसला लिया।
पोटाश के डिब्बों के पीछे छिपी थी शराब
सील बंद कंटेनर का लॉक तोड़कर जब तलाशी शुरू हुई तो टीम भी हैरान रह गई। कंटेनर के अंदर करीब 300 पोटाश फॉस्फेट के हरे रंग के डिब्बे लदे हुए थे। ये डिब्बे आगे की तरफ इस तरह रखे गए थे कि पीछे कुछ दिखाई ही न दे। जब डिब्बों को हटाया गया तो उसके पीछे हरियाणा निर्मित रॉयल ग्रीन ब्रांड की विदेशी शराब की 297 पेटियां रखी मिलीं। सभी पेटियां नए कार्टून में पैक थीं।
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि बरामद शराब की अनुमानित बाजार कीमत 31 लाख 53 हजार 600 रुपये है। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि पोटाश फॉस्फेट के डिब्बों के अंदर वेस्ट लिक्विड भरा हुआ है। आशंका है कि शराब की खेप को छिपाने के लिए इन डिब्बों का इस्तेमाल किया गया था। ताकि जांच के दौरान किसी को शक न हो। सभी डिब्बों और शराब के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे।
यह भी पढ़ें: अनिल अंबानी पर CBI का शिकंजा, EPFO के 1816 करोड़ निवेश मामले में FIR दर्ज
सिटी ट्रांसपोर्ट के मालिक पर FIR, कंटेनर जब्त
उत्पाद विभाग ने पूरे मामले में सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस के मालिक के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। कंटेनर और उसमें लदी शराब व पोटाश के डिब्बों को जब्त कर लिया गया है। उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि कंटेनर के दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि शराब कहां से लोड हुई थी और इसे बिहार में कहां सप्लाई किया जाना था।
फरार चालक की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और टोल प्लाजा के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। बहुत जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बक्सर सीमा पर शराब तस्करी को रोकने के लिए उत्पाद विभाग लगातार अभियान चला रहा है। वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर 24 घंटे जांच की जा रही है। इस बड़ी बरामदगी के बाद तस्करों में हड़कंप मच गया है।