चंडीगढ़ में एक परिवार ने निजी अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया है। यह परिवार कनाडा से दांतों का इलाज करवाने चंडीगढ़ आया था। गुरुवार दोपहर को मोहाली के खरड़ स्थित एक निजी डेंटल अस्पताल में 42 वर्षीय महिला को भर्ती कराया। परिवार का आरोप है कि कुछ ही घंटे बाद महिला की जान चली गई। जब अस्पताल कर्मचारियों और डॉक्टरों से वजह पूछी तो सब टाल-मटोल करने लगे। इलाज के नाम पर निजी अस्पताल का स्टाफ महिला को पीजीआई चंडीगढ़ लेकर पहुंचा। यहां इमरजेंसी के गेट पर ही स्ट्रेचर पर छोड़कर भाग निकले।
भीम साही और अन्नपूर्णा साही ने बताया कि उनकी बेटी अमृता बेदी (42) कनाडा के कैलगरी शहर में रहती थी। वह दांतों के इलाज की खातिर पंचकूला के सेक्टर 22 स्थित अपने मायके आई थी। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे उन्हें मोहाली के खरड़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यह भी पढ़ें: प्रतीक यादव पंचतत्व में विलीन, अखिलेश ने चिता पर रखी लकड़ी
माता-पिता ने आगे बताया कि बेटी को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। डॉक्टर ने कहा कि अभी इलाज में कुछ देर लगेगी। तब तक आप लोग जाकर अपना जरूरी काम कर सकते हैं। इसके बाद परिवार घर चला गया। दो घंटे बाद अस्पताल से फोन आया कि अमृता की तबीयत ठीक नहीं है। आनन-फानन परिवार अस्पताल पहुंचा। मां अन्नपूर्णा साही ने बताया कि अस्पताल कर्मचारियों ने अमृता को घेर रखा था। पूछने पर बताया कि तबीयत ठीक नहीं है। अमृता कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रही है।
पीजीआई के गेट पर शव रखकर अस्पताल के कर्मचारी गायब
परिजनों ने कहा कि अगर तबीयत ठीक नहीं थी तो बड़े अस्पताल क्यों नहीं ले जाया गया? जब परिजनों ने तबीयत बिगड़ने की वजह पूछी तो किसी ने कहा कि एनेस्थीसिया की वजह से बिगड़ी तो कोई कुछ और ही बताने लगा। परिवार के भारी विरोध के बाद अस्पताल स्टाफ महिला को पीजीआई चंडीगढ़ ले गया। परिजनों का आरोप है कि इमरजेंसी गेट पर ही स्ट्रेचर पर महिला को छोड़कर निजी अस्पताल का स्टाफ फरार हो गया। फोन लगाने पर भी कोई जवाब नहीं दे रहा है।
परिवार ने बताया कि अमृता के पास कनाडा की नागरिकता थी। उनके पति अभी कनाडा में है। वह अपने पीछे 10 वर्षीय बच्ची को छोड़ गई हैं।
यह भी पढ़ें: आबकारी नीति मामले से हटीं जज स्वर्ण कांता, केजरीवाल के खिलाफ अवमानना का केस
चंडीगढ़ पुलिस जांच में जुटी
परिजनों का कहना है कि जब निजी अस्पताल से एनेस्थीसिया के डॉक्टर का नाम पूछा गया तो उसके बारे में भी कुछ जानकारी नहीं दी गई। परिवार का आरोप है कि महिला की मौत निजी अस्पताल में ही हो चुकी थी। सिर्फ नाम की खातिर उसे अस्पताल ले जाया गया था। उधर, पीजीआई चंडीगढ़ ने शव को सुरक्षित रख लिया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। चंडीगढ़ पुलिस को घटना की जानकारी दे दी गई। शुक्रवार सुबह 10 बजे परिजनों को पुलिस ने बुलाया है। शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।