logo

मूड

ट्रेंडिंग:

दादा के खाते से पोते ने उड़ाए 29 लाख, दोस्त के साथ मनाली-नैनीताल में की पार्टी

दिल्ली में एक पोते ने अपने दोस्त के साथ मिलकर अपने दादा के एकाउंट से 29 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी कर ली। दोनों ने इन रुपयों का इस्तेमाल पार्टी, घूमने-फिरने और महंगी कार खरीदने में उड़ा दिया। 

Representative Image

सांकेतिक तस्वीर, AI Generated image

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

दिल्ली के साइबर थाने की पुलिस ने एक ठगी के मामले का खुलासा किया है। वहां एक पोते ने अपने ही दादा के बैंक एकाउंट से 29 लाख से ज्यादा की रकम निकाल ली। मामला तब सामने आया जब आरोपी के पिता अश्विनी राघव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इस वारदात में आरोपी अभिषेक राघव के दोस्त ने भी उसका साथ दिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

 

आरोपी के पिता ने बताया कि 87 साल के उनके पिता जगदीश सिंह भारतीय नौसेना से रिटायर्ड हैं। उनके बैंक खाते से लगातार गलत तरीके से पैसे निकल रहे हैं। जांच के बाद पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में छापेमारी कर पोते अभिषेक राघव और उसके दोस्त तुषार चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। 

 

यह भी पढ़ें: पंजाब में बड़ा हादसा, पटियाला-संगरूर बाइपास पर भाखड़ा नहर का पुल गिरा

कैसे दिया वारदात को अंजाम?

पुलिस ने जब बैंक खातों, KYC दस्तावेजों और ट्रांजेक्शन डिटेल्स की जांच की तो पूरा मामला सामने आ गया। आरोपी अभिषेक खुर्जा से BA-LLB की पढ़ाई कर रहा है। उसका मोबाइल नंबर उसके दादा के बैंक खाते से लिंक था। इसी बात का फायदा उठाकर उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर खाते से पैसे ट्रांसफर करने की साजिश रची।

 

जांच में सामने आया कि ठगी की कुल रकम में से 9 लाख 26 हजार 892 रुपये अभिषेक के अपने खाते में गए थे। जबकि 20 लाख 24 हजार रुपये उसके दोस्त तुषार चौधरी के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे। तुषार भी खुर्जा से नर्सिंग का कोर्स कर रहा है।

मौज-मस्ती में उड़ाए लाखों रुपये

पुलिस पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपियों ने दादा के एकाउंट से रुपये अपनी मौज-मस्ती और महंगे शौक पूरे करने में खर्च कर दिया। दोनों दोस्त इस पैसे से मनाली, नैनीताल और ओडिशा घूमने गए। इसके अलावा उन्होंने नोएडा में अपने दोस्तों के साथ जमकर पार्टियां कीं। आरोपियों ने ठगी की रकम से 2 लाख 75 हजार रुपये में एक सेकंड-हैंड पोलो कार खरीदी और उसमें 1 लाख 25 हजार रुपये खर्च करके महंगा म्यूजिक सिस्टम लगवाया।

 

यह भी पढ़ें: हरियाणा में नशे का ग्राफ चिंताजनक, सिरसा में सबसे ज्यादा ग्रस्त

पुलिस की आगे की कार्रवाई

साइबर थाना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी के पैसों से खरीदी गई पोलो कार और दो मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे 'मनी ट्रेल' की जांच कर रही है ताकि बाकी बची हुई रकम का पता लगाया जा सके। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि इस धोखाधड़ी में कोई और व्यक्ति तो शामिल नहीं था। 


और पढ़ें