logo

मूड

ट्रेंडिंग:

बस में चढ़ रहा था शख्स, पुलिस ने बैग खोला तो उड़े होश; 20 लाख कैश मिला

बिहार में पुलिस ने एक कारोबारी के पास से 20 लाख रुपये की नकदी बरामद की। वह बस पर सवार होने जा रहा था। तभी पुलिस ने तलाशी ली थी तो उसके होश उड़ गए। अब आयकर विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Bihar News

प्रतीकात्मक फोटो। (AI-generated image)

शेयर करें

google_follow_us

संजय सिंह, पटना। बिहार के मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित बैरिया बस स्टैंड पर 20 लाख रुपये की बरामदगी का मामला अब गंभीर जांच का विषय बन गया है। महाराष्ट्र के एक कारोबारी के पास से मिली यह बड़ी नकदी न केवल पुलिस के लिए पहेली बनी है, बल्कि अब आयकर विभाग की एंट्री के बाद मामला और पेचीदा हो गया है।

 

दरअसल, यह पूरी कार्रवाई 9 अप्रैल को हुई थी, जब अहियापुर थाना की पुलिस नियमित जांच के दौरान बैरिया बस स्टैंड पर मौजूद थी। इसी दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में बैग लेकर बस में चढ़ने की तैयारी कर रहा था। पुलिस को शक हुआ तो उसकी तलाशी ली गई। बैग खोलते ही उसमें से 20 लाख रुपये नकद बरामद हुए। इसके बाद मौके पर ही उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई।

 

यह भी पढ़ें: बंगाल में दोबारा होगी वोटिंग, 2 विधानसभा के 15 बूथों पर कल मतदान

पूर्णिया में चल रहा मार्केट का निर्माण

पूछताछ में उसने अपना नाम सागर कुमार बताया और खुद को महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के संगेला का निवासी बताया। उसने यह भी कहा कि फिलहाल वह मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र में गरीब स्थान मंदिर के पास रह रहा है। कारोबारी ने पुलिस को जानकारी दी कि वह पूर्णिया में एक मार्केट का निर्माण करवा रहा है और उसी सिलसिले में यह राशि लेकर जा रहा था।

 

हालांकि, जब पुलिस ने रुपये के स्रोत और लेन-देन से जुड़े दस्तावेज मांगे तो वह कोई ठोस कागजात या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इतनी बड़ी रकम के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस ने तत्काल रुपये को जब्त कर लिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

कारोबारी ने नहीं प्रस्तुत किया दस्तावेज 

चौंकाने वाली बात यह रही कि बरामदगी के बाद 20 दिनों से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कारोबारी की ओर से न तो कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत किया गया और न ही राशि के स्रोत को लेकर कोई विश्वसनीय स्पष्टीकरण दिया गया। इसके बाद पुलिस ने गुरुवार को आयकर विभाग को पूरे मामले की सूचना दी। आयकर विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में जब्त की गई पूरी राशि को एसबीआई के रेड क्रॉस स्थित सरकारी खाते में जमा करा दिया गया है। अब इस पूरे मामले की जांच आयकर विभाग कर रहा है।

 

यह भी पढ़ें: 'गिरगिटी भाषा बोलते हैं मुख्यमंत्री', अखिलेश यादव का CM योगी पर पलटवार

कारोबारी ने नहीं दी स्पष्ट जानकारी

सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में कारोबारी ने जो जानकारी दी, वह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी नकदी के साथ यात्रा करना और उसका कोई ठोस दस्तावेज नहीं होना संदेह पैदा करता है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। अहियापुर थानेदार रोहन कुमार ने भी इस मामले में हवाला कनेक्शन की आशंका से इनकार नहीं किया है। उन्होंने कहा कि यह संभावना भी जांच के दायरे में है कि कहीं यह रकम अवैध लेन-देन या हवाला कारोबार से तो जुड़ी नहीं है।


और पढ़ें