उत्तर प्रदेश के जिला चंदौली में पुलिस और वाराणसी एएनटीएफ यूनिट की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 1 किलो 20 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक बरामद हेरोइन की कीमत करीब 3 करोड़ रुपये है। पूछताछ के आधार पर अब पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
चंदौली के एसपी आकाश पटेल के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को वाराणसी एएनटीएफ यूनिट और थाना अलीनगर पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध हेरोइन की खेप लेकर चंदौली पहुंचने वाला है।सूचना को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त टीम गोधना मोड़ अंडरपास सर्विस रोड के पास पहुंची। यहां संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग शुरू की गई। कुछ देर बाद मुखबिर के बताए गए हुलिये का एक व्यक्ति वहां पहुंचा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
यह भी पढ़ें: एक फर्म के नाम 114 ई-रिक्शा, 493 नामों पर 2690 वाहन; अब बनेगी नई नियमावली
तलाशी में मिली 1 किलो से ज्यादा हेरोइन
पुलिस के अनुसार आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से 1 किलो 20 ग्राम भूरे रंग का पाउडर बरामद हुआ। जांच में इसे हेरोइन बताया गया। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस ने रविवार को मामले का खुलासा करते हुए आरोपी की पहचान अभिषेक सोनकर निवासी वाराणसी के रूप में की।
वाराणसी से मिली थी नशे की खेप
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि बरामद हेरोइन उसे आयुष श्रीवास्तव, निवासी आकाशवाणी के पास महमूरगंज, वाराणसी ने दी थी। उसे निर्देश दिया गया था कि गोधना मोड़ हाईवे के पास खड़े रहकर हेरोइन किसी दूसरे व्यक्ति को सौंपनी है और इसके बदले पैसे लेने हैं।पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह पैसों के लालच में इस काम में शामिल हुआ था।
यह भी पढ़ें: बेटी को ‘मुर्गा’ बनाया तो भड़का पिता, प्रिंसिपल की शर्ट फाड़ी और थप्पड़ बरसाए
3 करोड़ की हेरोइन ने बढ़ाई जांच की कड़ी
बरामद हेरोइन की कीमत करीब तीन करोड़ रुपये बताए जाने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी, इसे किसे पहुंचाया जाना था और इसके पीछे तस्करी का नेटवर्क कितना बड़ा है।पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को नियमानुसार कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। थाना अलीनगर में संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले में पूछताछ और जांच के आधार पर अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।