कॉकरोच जनता पार्टी
(CJP) की सात लोगों की टीम ने शनिवार को राजस्थान के खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के आदिवासी गांवों के स्कूलों का दौरा किया। यह दौरा CJP के सह संस्थापक आशुतोष रांका के नेतृत्व में किया गया। कॉकरोच पार्टी की टीम इन दिनों राजस्थान में 'आदिवासी स्कूल ठीक करो' का कैंपेन चला रही है।
इस दौरान सीजेपी के कार्यकर्ताओं ने सरकारी स्कूलों की खराब हालत और आदिवासी विकास फंड का ठीक ढंग से इस्तेमाल नहीं होने पर चिंता जताई। सीजेपी नेताओं ने नयागांव तहसील के देमत, पोंगली और बाबरी गांवों के स्कूलों का निरीक्षण किया। CJP टीम ने आरोप लगाया कि बुनियादी सुविधाओं की कमी है।
आज तक कोई स्कूल की बिल्डिंग नहीं बनी
सीजेपी के अनुसार, कई जगहों पर स्कूलों के लिए जमीन तो दी गई लेकिन, आज तक वहां कोई स्कूल की बिल्डिंग नहीं बनी है। आशुतोष रांका ने कहा कि चल रहे स्कूलों में पीने का पानी, सही इंफ्रास्ट्रक्चर और बुनियादी सुविधाओं की कमी है।
यह भी पढ़ें: जियाउल हक हत्याकांड: राजा भैया समेत 5 के खिलाफ केस बंद, अब आगे क्या?
निरीक्षण के दौरान सीजेपी ने शिक्षा के बुनियादी ढांचे पर निराशा जताई। उन्होंने कहा कि वे जरूरतों को पूरा करने और स्कूल की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए खुद पैसे जमा कर रहे हैं।
सीजेपी ने रिपोर्ट्स पर सवाल उठाया
सीजेपी ने उन रिपोर्ट्स पर सवाल उठाया, जिनमें कहा गया था कि आदिवासी क्षेत्र विकास बजट का लगभग 1,500 करोड़ रुपये खर्च नहीं हो पाया या लैप्स हो गया। उन्होंने आदिवासी कल्याण और शिक्षा के लिए फंड के आवंटन और इस्तेमाल में पारदर्शिता की भी मांग उठाई। उस दौरान सीजेपी के नेताओं के साथ में आदिवासी एकता परिषद से जुड़े लोग भी शामिल थे।
उन्होंने खाली स्कूल की जमीन पर बिल्डिंग बनाने, तुरंत बुनियादी सुविधाएं देने और आदिवासी कल्याण फंड का पूरा इस्तेमाल करने की मांग की।
सीजेपी ने पूछे सवाल
सीजेपी के एक प्रतिनिधि ने पूछा, 'सरकार यह क्यों नहीं बता रही है कि जनजातीय क्षेत्र विकास के लिए आवंटित 1,500 करोड़ रुपये का भारी-भरकम बजट कैसे खत्म हो रहा है? इस बजट का इस्तेमाल जनजातीय लोगों के कल्याण और उनके बच्चों की शिक्षा के लिए क्यों नहीं किया जा रहा है?'
'आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं की उपेक्षा एक गंभीर चिंता का विषय है। हम मांग करते हैं कि सरकार खेरवाड़ा निर्वाचन क्षेत्र में स्कूलों में सुधार के लिए तत्काल कदम उठाए।'
यह भी पढ़ें: कौन था ब्रिजेश गंझू? UP में एनकाउंटर में मारा गया 30 लाख का इनामी नक्सली
बता दें कि सीजेपी के संस्थापक
अभिजीत दीपके
ने 16 सितंबर को देशभर में स्कूल ठीक करो अभियान की घोषणा की थी। उस समय उन्होंने कहा था कि उनकी टीम गढ़चिरौली सहित महाराष्ट्र के साथ-साथ राजस्थान, झारखंड, ओडिशा, गुजरात और देश के अन्य हिस्सों में आदिवासी स्कूलों का दौरा करेगी और छात्रों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण करेगी।