logo

मूड

ट्रेंडिंग:

दरभंगा: विद्यापति के नाम पर होगा एयरपोर्ट, CM सम्राट ने 105 योजनाओं की दी सौगात

दरभंगा दौरे पर CM सम्राट चौधरी ने दरभंगा एयरपोर्ट का नाम विद्यापति के नाम पर रखने के लिए PM मोदी से आग्रह करने की बात कही। साथ ही 346 करोड़ की 105 परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया।

दरभंगा में उद्घाटन करते सम्राट चौधरी की तस्वीर

सीएम सम्राट चौधरी, Photo Credit- Samrat Choudhary, Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को दरभंगा पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने यहां सबसे पहले महाराजा कामेश्वर के किला परिसर स्थित प्रसिद्ध मां श्यामा माई मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने बिहार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर के विकास और सौंदर्यीकरण की योजना के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। साथ ही जरूरी निर्देश भी दिए। इसके बाद मुख्यमंत्री नागेंद्र झा स्टेडियम पहुंचे। यहां उन्होंने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 346 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 105 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 103 योजनाओं का उद्घाटन और 2 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर इन योजनाओं का शुभारंभ किया।

 

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। उन्हें पाग, अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न भेंट किए गए। साथ ही पुष्प गुच्छ और मखाना की माला पहनाई गई। मुख्यमंत्री ने महाकवि विद्यापति की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यापति सेवा संस्थान की ओर से प्रकाशित 'मिथिलाक गाम' पुस्तक खंड-3 और 'अर्पण स्मारिका' का विमोचन किया। मिथिला सेवा संस्थान ने मुख्यमंत्री को 'मिथिला विभूति सम्मान' से सम्मानित किया।

'विद्यापति के नाम पर होगा दरभंगा एयरपोर्ट'

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकवि विद्यापति मिथिला की पहचान हैं। उन्होंने बताया कि उनकी प्रतिमा राजकीय सम्मान के साथ स्थापित की जाएगी और दरभंगा एयरपोर्ट का नाम महाकवि विद्यापति के नाम पर रखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने मिथिला की सांस्कृतिक विरासत को बचाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि बिहार के स्कूलों में कक्षा 1 से 6 तक मैथिली भाषा में पढ़ाई की व्यवस्था की जाएगी। मां सीता के नाम पर एक विश्वविद्यालय भी बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मिथिला ज्ञान, साहित्य, कला और संस्कृति की धरती है। इसे आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार हरसंभव प्रयास करेगी।

 

दरभंगा एयरपोर्ट का रनवे 4 किलोमीटर लंबा होगा। यह पटना एयरपोर्ट के रनवे से करीब डेढ़ गुना लंबा होगा। यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शुरू की जाएंगी। दरभंगा एयरपोर्ट का विस्तार गया और पटना एयरपोर्ट से भी बड़े स्तर पर किया जाएगा। एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण का काम शुरू हो गया है। नए टर्मिनल भवन का निर्माण मार्च 2027 से पहले पूरा करने का लक्ष्य है। इसके उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया जाएगा।- मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

'एम्स, कोसी-मेची लिंक से चमकेगी मिथिला'

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री ने कोसी-मेची लिंक परियोजना को जोड़ने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है। उनके नेतृत्व में देश और बिहार में आधारभूत संरचना के विकास की दिशा में लगातार कार्य हो रहे हैं। दरभंगा में एम्स निर्माण के लिए मिट्टी भराई एवं टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इससे मिथिला एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।'

 

'मिथिला का इलाका मखाना एवं दूध उत्पादन का प्रमुख केंद्र है। मखाना आज केवल देश का ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया का सुपर फूड बन गया है। इससे किसानों को काफी लाभ मिल रहा है। देश में उत्पादित कुल मखाने का लगभग 80 प्रतिशत बिहार में होता है। राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने तथा कृषि आधारित उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मिथिला के मखाने को अब दुनिया के बाजार में पहुंचाया जाएगा, ताकि यहां के किसानों की आमदनी दोगुनी हो सके।- मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

 

यह भी पढ़ें: 'बिहार में घोटाला नहीं, निवेश की चर्चा', नीतीश सेतु के उद्घाटन पर बोले PM मोदी

'2030 तक 30 हजार मेगावाट बिजली'

मुख्यमंत्री ने औद्योगिक विकास की चर्चा करते हुए कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक बिहार में 30 हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन करना है। उन्होंने कहा, 'वर्ष 2030 तक एक करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। गया जी में 1700 एकड़ में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर को धरातल पर उतारा गया है। इसी तर्ज पर दरभंगा में भी इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित करने की दिशा में कार्य शुरू किया जाएगा। दरभंगा में विभिन्न औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे, जिससे निवेश, रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।'

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2037 में बिहार अपनी स्थापना के 125 वर्ष पूरे करेगा। उस समय तक बिहार को विकसित एवं समृद्ध राज्य बनाने के लिए सरकार संकल्पित होकर कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, ऊर्जा, कृषि, पर्यटन एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दरभंगा अब सिर्फ शिक्षा और संस्कृति का शहर नहीं रहेगा, बल्कि उद्योग और व्यापार का भी बड़ा केंद्र बनेगा।

 

यह भी पढ़ें: PM-CM के पोस्टर फाड़े, 3 गिरफ्तार, RJD बोली- 'हमें बदनाम किया जा रहा है'

सीएम ने स्टॉलों का किया निरीक्षण

कार्यक्रम स्थल के पास अलग-अलग विभागों ने स्टॉल लगाए थे। इन स्टॉलों पर विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी जा रही थी। इनमें कला एवं संस्कृति, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, उद्योग, शिक्षा, गन्ना उद्योग, अल्पसंख्यक कल्याण, श्रम संसाधन और दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के स्टॉल शामिल थे। मुख्यमंत्री ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया और योजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को सांकेतिक चेक, आयुष्मान कार्ड और बैटरी से चलने वाली ट्राईसाइकिल सहित अन्य लाभ दिए।

 

कार्यक्रम में पथ निर्माण मंत्री और दरभंगा जिले के प्रभारी मंत्री कुमार शैलेंद्र, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक संजय सरावगी, मद्य निषेध मंत्री मदन सहनी, सांसद गोपाल जी ठाकुर, सांसद धर्मशीला गुप्ता और सांसद अशोक यादव मौजूद रहे। इनके अलावा विधायक अतिरेक कुमार, ईश्वर मंडल, सुजीत कुमार और विनय कुमार चौधरी भी शामिल हुए। कार्यक्रम में डीजी प्रीता वर्मा, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल और मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह भी मौजूद रहे। दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय, डीआईजी मनोज कुमार तिवारी, जिलाधिकारी कौशल कुमार और एसएसपी जगुनाथ जलारेड्डी समेत कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।


और पढ़ें