मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को बल्ह विधानसभा क्षेत्र के कंसा मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाजपा सांसदों पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल के भाजपा सांसद दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के सामने प्रदेश के मुद्दों को लेकर आवाज नहीं उठाते, लेकिन हिमाचल पहुंचते ही सरकार पर सवाल उठाने लगते हैं।
सीएम सुक्खू ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा सांसद हिमाचल में प्रवेश करते ही 'कौओं की तरह कांय-कांय' शुरू कर देते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग अपने अधिकारों के लिए आवाज नहीं उठाते, वे जनता के साथ न्याय नहीं कर सकते। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सरकार लगातार हिमाचल के हितों और अधिकारों की आवाज उठा रही है।
‘दिल्ली में क्यों नहीं उठाते हिमाचल के हक की आवाज?’
मुख्यमंत्री ने भाजपा सांसदों से सवाल किया कि यदि केंद्र से जुड़े किसी मुद्दे पर हिमाचल के हित प्रभावित हो रहे हैं तो उनकी आवाज दिल्ली में क्यों नहीं सुनाई देती। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अधिकारों की लड़ाई राजनीतिक बयानबाजी से नहीं, बल्कि प्रभावी पैरवी से लड़ी जानी चाहिए। सुक्खू ने पूर्व भाजपा सरकार पर हिमाचल को कर्ज के बोझ में धकेलने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के दौरान प्रदेश को जीएसटी प्रतिपूर्ति और राजस्व घाटा अनुदान के रूप में बड़ी राशि मिली, लेकिन उसका अपेक्षित उपयोग नहीं किया गया। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के बाद प्राकृतिक आपदा और वित्तीय चुनौतियों के बावजूद कई मोर्चों पर काम किया। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से हजारों क्षतिग्रस्त मकानों का पुनर्निर्माण करवाया और प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम जारी है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल आने वाली बाहरी गाड़ियों को बड़ी राहत, खत्म होगा कंपोजिट शुल्क
बल्ह में प्रकाश चौधरी को लेकर बड़ा सियासी संदेश
मुख्यमंत्री ने पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी को बल्ह से कांग्रेस का अगला प्रत्याशी घोषित करते हुए कहा कि यदि पिछले विधानसभा चुनाव में जनता ने उन्हें जीत दिलाई होती तो वह आज प्रदेश मंत्रिमंडल में होते। उन्होंने आगामी चुनाव में प्रकाश चौधरी को समर्थन देने की अपील भी की। बल्ह के विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने जल शक्ति और विद्युत विभाग के डिविजन कार्यालय तथा डीएसपी कार्यालय खोलने समेत कई घोषणाएं कीं।
सड़कों के सुधार के लिए तीन करोड़ रुपये की राशि भी स्वीकृत करने की बात कही। सुक्खू ने भाजपा पर गुटबाजी का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के भीतर कई नेता अपने-अपने स्तर पर मुख्यमंत्री बनने की तैयारी में हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर भी निशाना साधा और मंडी में क्षेत्रवाद की राजनीति करने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार का लक्ष्य हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाना है और इसी दिशा में वित्तीय अनुशासन, जनकल्याण तथा प्रदेश के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर काम किया जा रहा है।