उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में आयोजित होने वाले जौलजीबी मेले में हंगामा हो गया है। मेले के उद्घाटन कार्यक्रम में माइक बंद होने पर धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने आपा खो बैठे। मंच से ही उन्होंने माइक फेंक दिया। उनका गुस्सा यहीं पर नहीं रुका। कांग्रेस विधायक ने सीएम पुष्कर सिंह धामी को भी खुली चुनौती दे डाली।
विधायक और उनके समर्थकों ने साउंड सिस्टम ऑपरेट करने वाले लोगों से हाथापाई की और कुर्सी से उन पर हमला भी किया। हरीश धामी के समर्थकों ने मंच पर खूब उत्पात मचाया। कार्यक्रम स्थल रखे दो पोडियम को धक्का मारकर नीचे गिरा दिया। सोशल मीडिया पर हंगामे के कई वीडियो वायरल हैं। इसमें विधायक और उनके समर्थक गाली-गलौच करते भी सुने जा सकते हैं।
यह भी पढ़ें: 'आप तो कम बता रहीं', पहली बार अखिलेश ने बताया- कांग्रेस ने कितनी सीटें मांगी?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सीएम पुष्कर सिंह धामी के मंच से जाने के बाद ही कांग्रेस विधायक ने हंगामा किया। विधायक हरीश धामी ने अपना माइक बंद करने और प्रोटोकॉल न मिलने का आरोप लगाया। हालांकि बाद में मंच से ही हंगामा करने पर जनता से माफी मांगी, लेकिन सीएम पुष्कर सिंह धामी को खुली चुनौती दे डाली। विधायक हरीश धामी ने कहा, 'मैं इस मंच से चैलेंज कर रहा हूं कि पुष्कर धामी की जितनी औकात और ताकत है... लगा दे। जहां कहेगा, वहां मिलूंगा, तेरे सरकार और प्रशासन के सामने।'
पिथौरागढ़ जिले में काली और गोरी नदी के संगम पर हर साल ऐतिहासिक जौलजीबी मेला लगता है। शनिवार को सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मेले का उद्घाटन किया। मेले के उद्घाटन में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक बिशन सिंह चुफाल, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री नारायण राम समेत जिले के प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। सीएम ने मेले के लिए 10 लाख रुपये देने का भी एलान किया। इसके अलावा 102 करोड़ रुपये की 25 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।
यह भी पढ़ें: एक नहीं होंगे NCP के दोनों गुट, सुप्रिया के बाद सुनेत्रा ने भी कहा न
बताया जा रहा है कि सीएम के मंच से कांग्रेस विधायक हरीश धामी को बोलने का मौका नहीं मिला। इसी बात पर विधायक और उनके समर्थक भड़क उठे। खफा कांग्रेस विधायक ने कहा कि अगर पार्टी अनुमति देगी तो मैं सीएम पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ चुनाव लड़ूंगा। बता दें कि भारत और नेपाल सीमा के पास लगने वाले इस मेले का अपना सांस्कृतिक महत्व है। यहां नेपाल के व्यापारी भी आते हैं।