तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के आदिबतला इलाके में 19 नवंबर को अयप्पा के बड़ी संख्या में भक्त और हिंदू संगठनों के लोग TCS के ऑफिस के बाहर इकट्ठा हो गए थे। उन्होंने कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यह पूरा विवाद कंपनी के एक कर्मचारी मनीष के आरोपों के बाद भड़का। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि अयप्पा दीक्षा का पालन करने वाले कर्मचारी को ऑफिस में काम करने से न रोका जाए।
मनीष का कहना है कि उन्होंने दो महीने पहले ही मैनेजमेंट को अपनी दीक्षा के बारे में बता दिया था लेकिन उन्हें ड्रेस कोड का नियम बताकर ऑफिस के गेट पर ही रोक दिया गया।
यह भी पढ़ें: हरियाणा कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष फूल चंद मुलाना का निधन
मनीष ने क्या लगाए आरोप?
पिछले दो साल से TCS में काम कर रहे मनीष ने कंपनी के इस रवैये पर सवाल उठाते हुए अपनी बात रखी। मनीष के मुताबिक, उन्होंने दो महीने पहले ही मैनेजमेंट को बता दिया था कि वह अयप्पा दीक्षा लेने जा रहे हैं। गुरुवार को जब वह ऑफिस पहुंचे तो सिक्योरिटी गार्ड और मैनेजमेंट ने यह कहते हुए अंदर जाने से मना कर दिया कि बिना ड्रेस कोड के एंट्री नहीं मिलेगी। मनीष ने सवाल उठाया कि जब कंपनी दूसरे लोगों को बिना तय ड्रेस कोड के भी अंदर जाने दे रही है तो फिर अयप्पा दीक्षा लेने के बाद सिर्फ उन्हें ही क्यों रोका जा रहा है।
यह भी पढ़ें: असम: आर्मी जवान का चालान काटने वाली ट्रैफिक इंस्पेक्टर ड्यूटी से हटाई गईं
मौके पर पहुंची पुलिस
विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही आदिबतला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। एक पुलिस अधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एक कर्मचारी का ऑफिस में एंट्री न दिए जाने के आरोप लगाए जाने के बाद अयप्पा दीक्षा के श्रद्धालुओं और हिंदू संगठनों ने यह प्रदर्शन किया। पुलिस के मुताबिक, अभी तक इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। फिलहाल मौके पर हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं। पुलिस पूरे मामले की सच्चाई जानने के लिए जांच कर रही है।