केंद्र शासित प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमन-दीव में प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को लेकर अनोखी पहल शुरू की है। दमन में 'थार-फॉर्च्यूनर संकल्प यात्रा' का आयोजन कर इन गाड़ियों के मालिकों को बुलाकर ट्रैफिक नियम मानने की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही गाड़ियों में किए गए गैरकानूनी बदलाव हटाने के निर्देश भी दिए गए। इस आयोजन में 'भाईगिरी नहीं, जिम्मेदारी' के नारे के साथ प्रशासन ने साफ संदेश दिया कि शान के साथ-साथ सुरक्षा का भी ध्यान रखना जरूरी है।
थार-फॉर्च्यूनर संकल्प यात्रा के नाम से यह जागरूकता अभियान ट्रांसपोर्ट नगर में आयोजित किया गया था, जिसमें दमन में पंजीकृत थार और फॉर्च्यूनर गाड़ियों के मालिकों को अपने वाहनों के साथ बुलाया गया।
यह भी पढ़ें: डेटिंग ऐप के जरिए लोगों को कर रहे HIV संक्रमित, प्रयागराज में मची खलबली
मोडिफिकेशन के बारे में दी गई जानकारी
इस आयोजन में मालिकों को गाड़ियों में किए जाने वाले अवैध मोडिफिकेशन के बारे में जानकारी दी गई। खासतौर पर शीशों पर टिंटेड ग्लास लगाने, टायरों में नियमों के खिलाफ बदलाव करने और तेज आवाज वाले डीजे और साउंड सिस्टम लगाने जैसे मामलों पर ध्यान दिया गया।
प्रशासन ने इस बदलाव हटाने के निर्देश दिए। दमन के जिला कलेक्टर ने गाड़ी के मालिकों से कहा कि जब थार या फॉर्च्यूनर सड़क पर चले तो दूसरे लोगों को अपनी सुरक्षा को लेकर डर महसूस नहीं होना चाहिए। थार को लेकर बनी गलत छवि को बदलने के लिए ‘थार का मतलब जिम्मेदारी’ अभियान चलाया जाना चाहिए।
उप जिला कलेक्टर ने भी अपील की है कि सभी लोग अपनी गाड़ियों से नियमों के खिलाफ किए गए बदलाव जल्द हटा लें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें।प्रशासन ने यह भी साफ कहा कि गाड़ी के जरिए भाईगिरी या माफियागिरी दिखाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान का मकसद है लोगों को जागरूक करना
प्रशासन का कहना है कि इस अभियान का मकसद सिर्फ चालान या कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को पहले से जागरूक करना और सड़क सुरक्षा व जिम्मेदार ड्राइविंग के लिए प्रेरित करना है। इस आयोजन के तहत वाहन मालिकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई। दमन एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, इसलिए प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की कि वे खुद की सुरक्षा के साथ-साथ स्थानीय लोगों और पर्यटकों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।