दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में सोमवार दोपहर एक शख्स ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए। इनमें 3 की हालत गंभीर है। घायलों को पहले संजीवन अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मियों को सर गंगा राम अस्पताल रेफर कर दिया गया। आरोपी की पहचान 25 वर्षीय नबील के रूप में हुई है। उसे मां और बहन से जुड़े पारिवारिक विवाद की शिकायत के सिलसिले में पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था। पूछताछ के दौरान वह नाराज हो गया और उसने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में पुलिसकर्मियों के चेहरे और गर्दन पर चोटें आई हैं।
पुलिस के मुताबिक, हमला करने के बाद नबील थाने से फरार हो गया। भागते समय उसने एक वाहन भी लूट लिया। इसके बाद सेंट्रल जिले की ऑपरेशंस यूनिट ने उसकी तलाश शुरू की। पुलिस ने उसे चितली कबर इलाके में ट्रैक किया। पुलिस के मुताबिक, चितली कबर इलाके में आरोपी को पकड़ने की कोशिश की गई। इस दौरान नबील ने पुलिस टीम पर दोबारा हमला कर दिया। इसके जवाब में पुलिस ने फायरिंग की। गोली लगने से नबील के दोनों पैर घायल हो गए। इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
यह भी पढ़ें: मंगलुरु: कॉलेज कैंपस से छात्रा के अपहरण का वीडियो वायरल, केरल में सुरक्षित मिली
क्या था मामला?
पुलिस को शिकायत मिली थी कि एक व्यक्ति अपनी मां और बहन को परेशान कर रहा है। इसी शिकायत के सिलसिले में नबील को पूछताछ के लिए जामा मस्जिद थाने बुलाया गया था। पुलिसकर्मी उससे मामले को लेकर सवाल कर रहे थे। इसी दौरान वह नाराज हो गया और उसने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में 2 सब-इंस्पेक्टर (SI), 2 हेड कॉन्स्टेबल और 1 असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) घायल हुए हैं। फिलहाल घायल पुलिसकर्मियों का इलाज चल रहा है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: राजस्थान: विधायक के PA की पत्नी हारी चुनाव, गांव से उतरवा दी 50 रोड लाइटें
एक ही अस्पताल में चल रहा है इलाज
आरोपी नबील और पीड़ित पुलिसकर्मियों का इलाज एक ही अस्पताल में हो रहा है। ANI के मुताबिक, DCP सेंट्रल रोहित राजबीर सिंह सर गंगा राम अस्पताल पहुंचे। यहां मुठभेड़ के बाद घायल हुए दिल्ली पुलिस के 5 जवानों और आरोपी नबील को भर्ती कराया गया है। सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे जामा मस्जिद थाने में नबील ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया था। उसे मां और बहन से जुड़े पारिवारिक विवाद की शिकायत के सिलसिले में पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था।