दिल्ली के नए उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधु ने शनिवार को कहा कि राजधानी की हवा की गुणवत्ता सुधारने के लिए सबको मिलकर प्रयास करने होंगे। यह बात उन्होंने तब कही जब एक लोकल कैफे में उन्होंने कुछ बच्चों से मुलाकात की। बच्चों ने उनसे प्रदूषण की समस्या के बारे में अपनी चिंता बताई।
तरनजीत सिंह संधु ने एक्स पर लिखा, 'आज हमारे कॉलोनी कैफे में मैं एक बहुत अच्छे परिवार से मिला। बच्चों ने दिल्ली के AQI और जिस हवा में हम सांस लेते हैं उसके बारे में महत्वपूर्ण सवाल उठाए। उनकी जागरूकता देखकर बहुत अच्छा लगा।'
यह भी पढ़ें: दिल्ली में मणिपुर की युवतियों पर गंदे कमेंट के बाद हमला, चार नाबालिग अरेस्ट
एयर क्वॉलिटी पर हुई बात
उन्होंने आगे कहा, 'हवा की गुणवत्ता बेहतर करने के लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत है। मैं व्यावहारिक विचारों और सुझावों का स्वागत करूंगा।' हालांकि, उन्होंने बहुत विस्तार से नहीं बताया कि बच्चों ने उनसे क्या कहा? शनिवार सुबह दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 145 था, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है। शुक्रवार शाम को यह 189 था, यानी सुधार हुआ है। यह जानकारी केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की है।
एयर क्वॉलिटी अर्ली वॉर्निंग सिस्टम (AQEWS) के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक AQI 'मध्यम' श्रेणी में ही रहने की संभावना है।
क्या है AQI?
CPCB के अनुसार, AQI का मतलब-
-
0-50: अच्छा
-
51-100: संतोषजनक
-
101-200: मध्यम
-
201-300: खराब
-
301-400: बहुत खराब
-
401-500: गंभीर
BJP लगाती रही है आरोप
दिल्ली में साल के कई महीनों में, खासकर सर्दियों में, हवा बहुत खराब हो जाती है। यह समस्या राजनीति में भी बहस का विषय बनी रहती है। केंद्र सरकार और दिल्ली की सत्ताधारी बीजेपी पहले की AAP सरकार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराती रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने धीरे-धीरे सुधार का वादा किया है।
IFS रहे हैं संधू
तरनजीत सिंह संधु 63 साल के हैं। वे 1988 बैच के भारतीय विदेश सेवा (IFS) अधिकारी रह चुके हैं। 11 मार्च को उन्होंने दिल्ली के 23वें उपराज्यपाल के रूप में शपथ ली। वे वीके सक्सेना की जगह आए हैं, जिन्हें अब लद्दाख भेजा गया है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली दंगों के आरोपी शरजील इमाम को कोर्ट ने दी 10 दिन की अंतरिम जमानत
संधु ने 30 साल से ज्यादा सेवा की। वह अमेरिका में भारत के राजदूत, श्रीलंका में उच्चायुक्त और न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में काम कर चुके हैं। मार्च 2024 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) जॉइन की और अमृतसर से लोकसभा चुनाव लड़े, लेकिन कांग्रेस के उम्मीदवार गुरजीत सिंह औजला से हार गए।