झारखंड की राजधानी रांची में छात्रों के समर्थन में भूख हड़ताल पर बैठ देवेंद्र नाथ महतो को आज तिरंगा यात्रा में जाने से रोक दिया गया। देवेंद्र नाथ महतो पिछले कई दिनों से सदर अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर बताया कि उन्होंने तिरंगा यात्रा में शामिल होने की बात कही थी, इसके बाद अस्पताल में उनके कमरे के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आंदोलनकारी छात्रों ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से तिरंगा यात्रा निकालने का एलान किया था। देवेंद्र महतो भी इस कार्यक्रम में शामिल होना चाहते थे। पुलिस और प्रशासन ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उन्हें अस्पताल से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी। अस्पताल के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो।
यह भी पढ़ें: नकली सोना, नोटों के फेर में फंसाकर करते थे ठगी, नोएडा में टप्पेबाज गैंग बेनकाब
देवेंद्र महतो ने सोशल मीडिया पर जताई नाराजगी
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर नाराजगी जताते हुए देवेंद्र नाथ महतो ने लिखा, 'आंदोलन स्थल पर आयोजित ध्वजारोहण और तिरंगा यात्रा में शामिल होने की इच्छा व्यक्त करने के बाद ही उनके कमरे के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। आखिर क्या यही आजादी है? क्या हम अपने ही देश में तिरंगा फहराने और तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए भी स्वतंत्र नहीं हैं?' उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद वह शांतिपूर्ण तरीके से कार्यक्रम में शामिल होना चाहते थे।
सिविल सर्जन से हुई बहस
इसके बाद उन्होंने एक और पोस्ट किया, वीडियो में दिखा कि तिरंगा बांधे और तिरंगे झंडे लिए महतो अस्पताल से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी सिविल सर्जन ने उन्हें रोका। महतो ने बताया, 'कार्यक्रम में जाने को लेकर सिविल सर्जन और मेरे बीच बहस हुई। मुश्किल हालात के बावजूद, आप सभी को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचना है, डटे रहो।'
धक्का-मुक्की में सीने पर आई है चोट
महतो ने बताया कि बाहर निकलने की कोशिश के दौरान पुलिस के साथ हुई धक्का-मुक्की में उनके सीने पर चोट लग गई। उन्होंने लिखा, 'पुलिस द्वारा जयपाल सिंह स्टेडियम में झंडा फहराने जाते वक्त रोके जाने के दौरान हुई झड़प में मेरे सीने पर चोट लगी है। फिलहाल मेरा इलाज और मेडिकल जांच जारी है।' इसके साथ शेयर किए गए वीडियो में महतो को अस्पताल के बिस्तर पर घायल हालत में हाथ में तिरंगा झंडा थामे लेटे देखा गया।
कई दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं देवेंद्र नाथ महतो
छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो पिछले कई दिनों से रांची के सदर अस्पताल में भर्ती हैं। वह JPSC-JSSC में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। भूख हड़ताल और छात्र आंदोलन के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। विधानसभा घेराव प्रदर्शन के दौरान स्वास्थ्य और खराब होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा था।
यह भी पढ़ें: भारत में फाइटर जेट इंजन बनाने की तैयारी, समझिए रिलायंस और Rolls-Royce का प्लान
उन्हें अस्पताल से बाहर निकलने की इजाजत न मिलने और उनके घायल होने की इस घटना के बाद जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में प्रदर्शन कर रहे छात्रों में प्रशासन के खिलाफ नाराजगी और बढ़ गई है। छात्रों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस जैसे मौके पर आंदोलन के एक प्रमुख चेहरे को तिरंगा यात्रा में भी शामिल न होने देना गलत है।