केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के घर पर ईडी की छापेमारी पर भारी बवाल हो गया है। इस कार्रवाई से CPI(M) के कार्यकर्ता भड़क गए हैं। तिरुवनंतपुरम में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने ईडी के अधिकारियों की गाड़ी पर हमला कर दिया। गाड़ी पर ईंट से हमला करने का वीडियो सामने आया है। पुलिसकर्मियों ने ईडी अधिकारियों को बचाया।
केंद्रीय एजेंसी ईडी ने बुधवार को कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (CMRL) मामले में केरलम में पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा विपक्ष के नेता पिनाराई विजयन के घर समेत 10 जगहों पर छापेमारी की। CPI(M) के कार्यकर्ताओं ने इसी के विरोध में तिरुवनंतपुरम में अधिकारियों की गाड़ी पर हमला किया। कार्यकर्ता इसी तलाशी के खिलाफ विरोध कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: 'V D सतीशन और V D सावरकर में कोई अंतर नहीं', विजयन के घर छापेमारी पर भड़का लेफ्ट
हमले में पुलिस वाला घायल
पार्टी कार्यकर्ता राजधानी तिरुवनंतपुरम में कार्रवाई का विरोध कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने मारुति एर्टिगा में सवार ईडी के अधिकारियों को घेर लिया। कार्यकर्ता कार पर हमला करने लगे। इस दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने भीड़ को रोकने की कोशिश की लेकिन कार्यकर्ताओं की संख्या अधिक होने के कारण भीड़ बोकाबू दिखी।
यह भी पढ़ें: गुजरात में पकड़ी गई 1000 करोड़ की कोकीन, चार हिरासत में; ब्राजील से आई खेप
इसी दौरान तिरुवनंतपुरम में भीड़ कंट्रोल करते समय एक पुलिस वाला घायल हो गया।
विजयन का आया बयान
अपने घर पर ईडी की तलाशी पर केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा, 'लंबे समय से ईडी मेरे घर पर तलाशी लेना चाहती थी। मुझे लगता है कि इस तलाशी से कुछ लोगों को, खासकर राहुल गांधी जैसे किसी को बहुत खुशी मिलेगी। राहुल गांधी ने सवाल पूछा था कि पिनाराई विजयन के घर पर छापा क्यों नहीं मारा जा रहा है और पिनाराई विजयन को गिरफ्तार क्यों नहीं किया जा रहा है।'
उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी सरकार हमेशा से देश में विपक्षी नेताओं पर जानबूझकर हमले करती रही है। इसके खिलाफ पूरे देश में कड़े विरोध-प्रदर्शन हुए हैं। विजयन ने कहा, 'कांग्रेस का कहना है कि उनकी अपनी पार्टियों के अलावा दूसरी पार्टियों के खिलाफ ईडी की दखलअंदाजी जारी रहनी चाहिए। इससे हमारा अंत नहीं होने वाला है। हम इसे सिर्फ एक शुरुआत के तौर पर देखते हैं। किसी को यह नहीं सोचना चाहिए कि ऐसी कार्रवाई हमें खत्म कर सकती है।'
ईडी के ऊपर हुए हमले पर बोले पूर्व सीएम
पूर्व सीएम ने ईडी अधिकारियों के ऊपर हुए हमले को लेकर कहा, 'यहां स्थानीय लोगों और पार्टी के साथियों की भावनाएं जाहिर हुईं। जब भी दुश्मनों ने मुझ पर हमला करने की तैयारी की, मुझे पार्टी का मजबूत सपोर्ट मिला। साथियों ने आज जो साबित किया वह यह है कि उस सपोर्ट में कोई कमी नहीं आई है। यही हमारी ताकत है। आइए, हम सब मिलकर किसी भी चीज का सामना करें।'
कार्रवाई के पीछे बीजेपी का हाथ- लेफ्ट
कार्रवाई के पीछे लेफ्ट ने बीजेपी का हाथ बताया है। सीपीआई-एस के महासचिव एम. ए. बेबी ने विजयन और अन्य के आवासों पर प्रवर्तन निदेशालय के छापों को राजनीति से प्रेरित और घिनौना हमला बताया है। बेबी ने कहा कि माकपा जनता के सामने यह साबित करेगी कि ये छापे राजनीति से प्रेरित है। उन्होंने यह भी दावा किया कि मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन के मंत्रिमंडल के दो मंत्रियों ने भी कथित तौर पर कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड से धन प्राप्त किया था और उसकी भी जांच होनी चाहिए।
मामला क्या है?
यह छापेमारी कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (CMRL) से जुड़े कथित धनशोधन मामले की जांच के तहत की है। एजेंसी ने धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के प्रावधानों के तहत केरल में कुल 10 परिसरों पर तलाशी ली। इसमें राजधानी तिरुवनंतपुरम स्थित पिनाराई विजयन का किराए का मकान भी शामिल है।
यह कार्रवाई कथित सीएमआरएल भुगतान मामले में हुई, जिसमें उनकी बेटी का नाम भी कथित तौर पर जुड़ा है। आरोप है कि निजी कंपनी कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड ने 2018 से 2019 के बीच पिनाराई विजयन की बेटी टी. वीणा की कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को 1.72 करोड़ रुपये का अवैध भुगतान किया, जबकि इस आईटी कंपनी ने सीएमआरएल को कोई सेवा प्रदान नहीं की थी।