महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में गुरुवार को बड़ा हादसा हुआ। यहां समुद्र में डूबने से आठ छात्रों की जान चली गई। यह छात्र पिकनिक मानने आए थे। तभी यह दर्दनाक हादसा हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसा दिवेआगर बीच के पास हुआ। यहां पुणे के आलंदी स्थित विनर्स एकेडमी के कुल 48 छात्र और शिक्षक पिकनिक मनाने पहुंचे थे। सीएम देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर शोक जताया। उन्होंने बताया कि सभी मृतक छात्र आलंदी के रहने वाले थे।
पुलिस के मुताबिक 25 लड़के, 17 लड़कियों और 6 शिक्षकों का समूह पुणे के आलंदी से लगभग 170 किमी दूर दिवेआगर बीच पर पिकनिक मनाने पहुंचे थे। सभी निजी कोचिंग संस्थान विनर्स एकेडमी के छात्र थे। खबरों के मुताबिक हादसा गुरुवार शाम को लगभग साढ़े पांच बजे का है। छात्र समुद्र में उतरे, लेकिन गहराई का अनुमान नहीं लगा सके। तेज लहरों में फंसने के कारण सभी की जान चली गई। पुलिस ने सभी के शवों को बाहर निकाल लिया है। उनके गृहनगर आलंदी पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर घटनास्थल के कई वीडियो वायरल हैं। इसमें बीच पर चारों तरफ छात्रों की लाशें पड़ी दिख रही हैं। वहां मौजूद लोग पेट से पानी निकालने और उन्हें बचाने की कोशिश करते दिख रहे हैं। दृश्य एकदम दिल दहला देने वाला है।
यह भी पढ़ें: फ्लाईदुबई के विमान को कैसे चार इजरायलियों ने गिरने से बचाया?
इनकी हुई मौत
- तन्मय दत्तात्रेय वाहिले
- सुमित भरत अहिरे
- प्रणव रामदास बंसोडे
- कैवल्य सतीश वासनकर
- राजवीर युवराज वाहिले
- यश किरण वानखेड़े
- सोहम तुकाराम भांडवलकर
- कौस्तुभ संदीप दौंड
यह भी पढ़ें: 10 दिन में तीसरी बार अफगानिस्तान पर PAK का अटैक, महिला-बच्चों समेत 9 की मौत
सीएम फडणवीस ने जताया गहरा दुख
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, रायगढ़ जिले के दिवेआगर बीच पर स्थित दिघी पोर्ट पर घूमने आए 'विनर्स एकेडमी, आलंदी' के 8 छात्रों की डूबने से हुई मौत की घटना बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली है। मैं उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हम इन सभी परिवारों के दुख में शामिल हैं। ये सभी छात्र आलंदी के रहने वाले थे और स्थानीय प्रशासन उनके शवों को आलंदी लाने के लिए समन्वय कर रहा है।'