बिहार के सीतामढ़ी जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। भुतही थाना क्षेत्र की मढ़िया पंचायत के तिलंगही गांव में महज एक हजार रुपये के बकाये को लेकर 61 वर्षीय दिव्यांग बुजुर्ग की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सकुर साह के पुत्र रहमान शाह के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल है। दिव्यांग पति की मौत के बाद पत्नी और परिवार के सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है।
पत्नी का आरोप- एक हजार के बकाये पर हत्या
मिली जानकारी के अनुसार मृतक रहमान शाह शारीरिक रूप से दिव्यांग थे। वे अपने पैरों से चलने में असमर्थ थे और लाठी के सहारे चलते थे। गांव में ही छोटा-मोटा काम कर अपना और अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया जा रहा है कि गांव के ही रामनारायण महतो से उनका एक हजार रुपये को लेकर पुराना विवाद चल रहा था।
यह भी पढ़ें: सिर दर्द है 'गजब रात', कमजोर कहानी के कारण नहीं चला मनोज बाजपेयी का जादू
रहमान शाह ने रामनारायण महतो को किसी काम के लिए एक हजार रुपये दिए थे, जो वह लौटा नहीं रहा था। इसी बकाये को लेकर दोनों के बीच कई बार कहासुनी भी हुई थी। मृतक की पत्नी हकीदा खातून के अनुसार रहमान शाह अपने बकाये के एक हजार रुपये मांगने के लिए रामनारायण महतो के दरवाजे पर गए थे। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि रामनारायण महतो ने गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर गमछे से घसीटकर रहमान शाह को जमीन पर गिरा दिया।
पहले भी देता था धमकी
हकीदा खातून ने बताया कि उनके पति को लाठी-डंडे से बेरहमी से पीटा गया। रहमान शाह चिल्लाते रहे, छोड़ दो, लेकिन आरोपी ने एक नहीं सुनी। सिर और शरीर पर कई वार किए गए। गंभीर रूप से घायल होने के बाद रहमान शाह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास के लोग दौड़कर आए और बीच-बचाव किया। परिजन उन्हें उठाकर घर ले गए, लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने आरोपी पर पूर्व में धमकी देने का भी आरोप लगाया है। हकीदा खातून का कहना है कि रामनारायण महतो पहले भी कहता था कि पैसा नहीं देंगे, जो करना है कर लो। यदि ज्यादा बोलेगा तो जान से मार देंगे। आज उसने अपनी धमकी को सच कर दिखाया।
यह भी पढ़ें: मंदिर में मिला सिर, घर में धड़; छोटे भाई की हत्या के आरोप में बड़ा भाई गिरफ्तार
ग्रामीणों ने सड़क किया जाम
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक का शव रखकर मढ़िया-भुतही मुख्य सड़क को जाम कर दिया। ग्रामीणों ने आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। सड़क जाम होने से दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हुई।
सूचना मिलते ही भुतही थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष चन्द्रगुप्त कुमार ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर ग्रामीणों ने सड़क जाम हटाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।