बेंगलुरु से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट में गुरुवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लैंडिंग से ठीक पहले विमान के इंजन में आग लगने का अलर्ट मिला। घटना के बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तुरंत फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। हालांकि पायलट की सूझबूझ और सुरक्षा प्रक्रियाओं के चलते विमान सुरक्षित तरीके से लैंड कर गया और बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2802 बेंगलुरु से दिल्ली आ रही थी। एयरबस A320 विमान में 171 यात्री सवार थे। रात करीब 9:30 बजे विमान ने दिल्ली एयरपोर्ट के रनवे 29R पर सुरक्षित लैंडिंग की। इसके बाद विमान को रनवे से हटाकर टो किया गया। करीब 48 मिनट बाद रात 10:18 बजे रनवे पर सामान्य संचालन दोबारा शुरू किया गया।
यह भी पढ़ें: बेंगलुरु एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, रनवे से टकराया विमान का पिछला हिस्सा
कॉकपिट में मिला फायर वार्निंग अलर्ट
एयर इंडिया ने बयान जारी कर बताया कि विमान जब दिल्ली एयरपोर्ट के पास पहुंच रहा था तभी कॉकपिट क्रू को इंजन से जुड़ा फायर वार्निंग अलर्ट मिला। बाद में जांच में यह चेतावनी सही पाई गई। इसके बाद पायलट और क्रू ने सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई। एयरलाइन के अनुसार सभी यात्री और क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।
घटना के बाद एयर इंडिया ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। एयरलाइन ने कहा है कि संबंधित नियामक एजेंसियों के साथ मिलकर घटना के कारणों का पता लगाया जाएगा। कंपनी का कहना है कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है और हर जरूरी कदम उठाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: जिस हत्यारे को खोज रही थी पुलिस, वह अमिताभ, आमिर और रणवीर के साथ कर रहा था काम
एयर इंडिया ने अपने प्रवक्ता के बयान को सोशल मीडिया पर शेयर कर रहा, '21 मई 2026 को बेंगलुरु से दिल्ली जा रही फ्लाइट AI2802 से जुड़े एक हादसे की जानकारी हमें मिली है। विमान सुरक्षित तरीके से लैंड कर चुका है और सभी यात्री व क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित हैं। हम फिलहाल इस मामले की ज्यादा जानकारी जुटा रहे हैं और संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। जैसे-जैसे नई जानकारी सामने आएगी, हम आगे भी अपडेट साझा करेंगे।'
यह भी पढ़ें: बिहार: DM के नाम से बनाया फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
सुबह बेंगलुरु में हुई थी टैल स्ट्राइक
हैरानी की बात यह है कि इसी दिन सुबह के समय भी एयर इंडिया का एक अन्य विमान तकनीकी दुर्घटना का शिकार हुआ था। दिल्ली से 181 यात्रियों को लेकर बेंगलुरु जा रही फ्लाइट AI 2651 की लैंडिंग के दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से जोर से टकरा गया था। उस घटना के बाद उस विमान को विस्तृत तकनीकी निरीक्षण के लिए ग्राउंडेड कर दिया गया था।