नोएडा प्राधिकरण की लापरवाही ने एक और इंजीनियर की जान ले ली। सेक्टर- 57 में ऑफिस जा रहा इंजीनियर स्लैब टूटी होने की वजह से नाले में जा गिरा और डूबने से उसकी मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना गुरुवार की है। उस दिन भारी बारिश के कारण सड़कों पर पानी भरा था। ऑफिस जाते वक्त इंजीनियर का पैर नाले के टूटे स्लैब में पड़ गया और वह नाले में जा गिरा।
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक नाले में गिरने के बाद इंजीनियर की जान करंट लगने से गई है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया कि पहले उसे करंट लगा या वह नाले में गिरा था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद बिसरा सुरक्षित रख लिया है।
यह भी पढ़ें: जमानत से हत्या तक, कैसे POCSCO के आरोपी ने मचाया कत्ल-ए-आम? इनसाइड स्टोरी
कायमगंज का रहने वाला था आर्यन
मृतक की पहचान सेक्टर- 22 स्थित चौड़ा गांव के रहने वाले आर्यन के तौर पर हुई है। वह मूलरूप से कायमगंज का रहने वाला था। हादसे वाले दिन वह सुबह करीब 9 बजे अपने दोस्त शुभम के साथ ऑफिस जा रहा था। तभी रास्ते में उसके साथ यह हादसा हो गया।
काफी देर नाले में पड़ा रहा शव
परिजनों के मुताबिक आर्यन का शव काफी देर तक नाले में पड़ा रहा। बिजली आपूर्ति काटने के बाद उसे निकाला गया। इसके बाद सेक्टर 39 स्थित जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चार साल पहले ही आर्यन के पिता की भी मौत हो चुकी है। उधर, हादसे के बाद लोगों में गुस्सा भी है। उनका कहना है कि थोड़ी सी बारिश में सड़कों पर पानी भर जाता है। लोगों को नाले नहीं दिखते हैं। इस वजह से हादसा होने का जोखिम रहता है।
यह भी पढ़ें: जिस पत्रकार ने खालड़ा मर्ड केस की स्टोरी ब्रेक की, उन्होंने 'सतलुज' पर क्या कहा?
युवराज मेहता केस
इसी साल जनवरी महीने में एक निर्माण स्थल पर बने गड्ढे में डूबने से 27 वर्षीय इंजीनियर युवराज मेहता की जान गई थी। युवराज अपनी कार से नोएडा स्थित अपने घर जा रहे थे। घने कोहरे में उनकी कार एक दीवार से टकराने के बाद निर्माणस्थल पर बने गड्ढे में डूब गई थी। कार की छत पर चढ़कर युवराज ने अपनी जान बचाने की कोशिश की। घंटों मदद की गुहार लगाते रहे। लेकिन समय से बचाव टीम के नहीं पहुंचने के कारण उनकी जान चली गई।