logo

मूड

ट्रेंडिंग:

किश्तवाड़: पुलिसकर्मियों की शहादत के बाद अंतिम विदाई का प्रोटोकॉल क्या है?

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में पुलिसकर्मियों की शहादत के बाद उनके अंतिम संस्कार और राजकीय सम्मान पर सवाल उठ रहे हैं। आखिर शहीद पुलिसकर्मियों की अंतिम विदाई का क्या प्रोटोकॉल है और उन्हें कौन-कौन से सम्मान दिए जाते हैं।

शहीद बॉबी चंद और रशपाल कुमार की तस्वीर

शहीद SOP बॉबी चंद और रशपाल कुमार, Photo Credit- Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में आतंकियों के हमले में शहीद होने वाले दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के शवों को गांव तक पहुंचाने के तरीके पर सवाल उठ रहे हैं। दोनों पुलिसकर्मियों के शव ताबूत के बजाय डंपर में रखकर गांव लाए गए थे। इस घटना पर किश्तवाड़ से BJP विधायक शगुन परिहार ने नाराजगी जताई। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से सवाल किया कि देश की सुरक्षा के लिए जान देने वाले जवानों के शवों को सम्मान के साथ लाने के लिए क्या एक गाड़ी तक का इंतजाम नहीं किया जा सकता था? उन्होंने कहा कि यहां हमारे बलिदान जवानों का निरादर हुआ है। शगुन परिहार ने इस मामले सुरक्षा खामियों की जांच करवाने की मांग की है। 

 

यह घटना इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि सवाल उठाने वाली विधायक BJP की ही हैं। शगुन परिहार के पिता व चाचा की भी आतंकियों ने 2018 में हत्या कर दी थी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों के सामने नाराजगी जताते हुए कहा कि सुरक्षाकर्मियों की शहादत के बाद उनके पार्थिव शरीर के साथ ऐसा व्यवहार नहीं होना चाहिए। स्थानीय लोगों ने भी आरोप लगाया कि शवों को लाने के लिए स्ट्रेचर तक की व्यवस्था नहीं थी। उन्हें सेना से स्ट्रेचर लेना पड़ा। शवों को ढकने के लिए सफेद कपड़े का इंतजाम भी ग्रामीणों ने खुद किया। हालांकि, इन आरोपों पर प्रशासन का पूरा पक्ष सामने नहीं आया है।

शहीद होने वाले पुलिसकर्मी कौन थे?

किश्तवाड़ के रहने वाले बॉबी चंद (57) और रशपाल कुमार (45) जम्मू-कश्मीर पुलिस में स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) थे। दोनों स्थानीय पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) से जुड़े थे। 10 नवंबर को दोनों ड्यूटी के लिए मारवाह के धरना इलाके में स्थित सेना की पोस्ट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वे लापता हो गए।

 

इसके बाद सुरक्षाबलों ने उनकी तलाश शुरू की। 12 नवंबर को जंगल में दोनों के गोलियों से छलनी शव बरामद हुए। मौके से उनकी सर्विस राइफल भी गायब मिली। शुरुआती जांच में आतंकी हमले की आशंका जताई गई। इसके बाद इलाके में आतंकियों की तलाश के लिए अभियान चलाया गया।

प्रोटोकॉल समझ लीजिए?

जम्मू और कश्मीर पुलिस नियम, 1960 के अनुसार, ड्यूटी के दौरान शहीद होने वाले पुलिसकर्मियों और SPO के पार्थिव शरीर को पोस्टमॉर्टम के बाद ताबूत में रखकर पुलिस लाइन लाया जाता है, जहाँ वरिष्ठ अधिकारी पुष्पचक्र अर्पित कर सलामी देते हैं। भारतीय ध्वज संहिता, 2002 के तहत पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटा जाता है और अंतिम संस्कार से ठीक पहले ध्वज को सम्मानपूर्वक उतारकर परिजनों को सौंपा जाता है।

 

भारतीय पुलिस ड्रिल मैनुअल के मुताबिक, श्मशान में सशस्त्र टुकड़ी राइफल झुकाकर (शोक शस्त्र), तीन राउंड हवाई फायरिंग और 'लास्ट पोस्ट' की बिगुल धुन के साथ गार्ड ऑफ ऑनर देती है, जबकि जम्मू-कश्मीर पुलिस कल्याण योजना के तहत अंतिम क्रिया के लिए परिवार को तत्काल ₹50,000 की सहायता राशि दी जाती है।

 

यह भी पढ़ें: जिन मिफाम के लिए इंसाफ मांग रहे सोनम वांगचुक, उन्हें पुलिस क्यों तलाश रही है?

किश्तवाड़ मामले में किन बातों पर उठ रहे सवाल?

इस मामले में सबसे बड़ा सवाल शवों को गांव तक पहुंचाने की व्यवस्था को लेकर है। स्थानीय लोगों और BJP विधायक के आरोपों के मुताबिक, दोनों SPO के शव डंपर में लाए गए और उस समय उनके साथ कोई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद नहीं था। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि शवों को उठाने के लिए स्ट्रेचर और ढकने के लिए कपड़े तक की व्यवस्था उन्हें खुद करनी पड़ी। विधायक शगुन परिहार ने सवाल उठाया कि अगर पुलिसकर्मी देश की सुरक्षा के लिए अपनी जान दे रहे हैं तो उनकी मौत के बाद सम्मानजनक विदाई की जिम्मेदारी किसकी है।

 

उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, यह स्पष्ट होना बाकी है कि शवों को डंपर में लाने का फैसला किस स्तर पर लिया गया और उस समय उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल क्यों नहीं किया गया।

 

यह भी पढ़ें: कश्मीर का मामला UN क्यों ले गए थे नेहरू? 1947 के हालात और फैसले की पूरी कहानी

पूरे सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

शवों को गांव तक पहुंचाने के तरीके पर विवाद होने के बाद दोनों SPO का अंतिम संस्कार पूरे सम्मान के साथ किया गया। अंतिम विदाई के दौरान BJP नेता और जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा समेत कई लोग मौजूद रहे। श्रद्धांजलि सभा में पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी शामिल हुए।

 

इस पूरे मामले ने एक बड़ा सवाल खड़ा किया है कि ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों के पार्थिव शरीर को उनके परिवार तक पहुंचाने की जिम्मेदारी किसकी है और ऐसी स्थिति में प्रशासन की ओर से क्या-क्या इंतजाम किए जाने चाहिए।

Related Topic:#Jammu and Kashmir

और पढ़ें