उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में बिजली चोरी की शिकायत की जांच करने पहुंची विद्युत विभाग की टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के लोको रोड पर सोमवार दोपहर जांच के दौरान टीम ने कथित तौर पर बड़े स्तर पर बिजली चोरी पकड़ी। इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि भवन स्वामी ने टीम पर हमला कर दिया। आरोप है कि जेई को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया और सड़क पर गिराकर भी मारपीट की गई। घटना में जूनियर इंजीनियर घायल हो गए।
लोको रोड पर बिजली चोरी की शिकायत मिलने के बाद सोमवार दोपहर एसडीओ अजय कुमार, जेई मुख्तार हुसैन और लाइनमैन जांच के लिए पहुंचे थे। टीम मौके पर बिजली कनेक्शन और विद्युत उपयोग की जांच कर रही थी। इसी दौरान टीम ने बड़े स्तर पर बिजली चोरी पकड़ी। आरोप है कि बिजली चोरी पकड़े जाने की बात सामने आते ही घर के मालिक ने टीम का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते कहासुनी ने विवाद का रूप ले लिया। इसके बाद टीम के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी गई।
यह भी पढ़ें: अखिलेश ने डिंपल को उतारा, जयंत के लिए मैदान में उतरीं चारू चौधरी
JE को दौड़ाकर सड़क पर गिराकर मारपीट
आरोप है कि हमलावर ने अवर अभियंता मुख्तार हुसैन को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इतना ही नहीं, उन्हें सड़क पर गिराकर भी मारपीट की गई। हमले में जेई घायल हो गए। घटना के दौरान मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। मारपीट के बाद बिजली विभाग की टीम फतेहगढ़ कोतवाली पहुंची और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। विभाग की ओर से आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है।
यह भी पढ़ें: 'लड़की बन जाओ शादी कर लूंगा', वादे पर किन्नर ने लिंग बदलवा लिया तो कर दिया इनकार
सरकारी टीम पर हमले से विभाग में नाराजगी
बिजली चोरी की जांच करने गई सरकारी टीम के साथ मारपीट की घटना के बाद विभागीय कर्मचारियों में नाराजगी है। विभाग की ओर से पुलिस से आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। फिलहाल पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है। बिजली चोरी की जांच के दौरान टीम पर हमला क्यों किया गया और मारपीट में कौन-कौन लोग शामिल थे, पुलिस इसकी पड़ताल में जुटी है।