उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में रहने वाली एक महिला ने अपने पूर्व पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने दावा किया कि उसका पूर्व पति उसके 8 साल के बच्चे को सिगरेट पिलाता है। बच्चे के बिगड़ जाने के डर से महिला ने स्थानीय पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस को महिला ने बताया कि तलाक के बाद बच्चे की कस्टडी पिता को मिली थी। मां का आरोप है कि उसकी गैरमौजूदगी में पिता बच्चे को नशे की लत लगा रहा है। अपने दावे के सबूत के तौर पर महिला ने बताया कि बच्चे का सिगरेट पीते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया था। इन आरोपों के बाद महिला ने बच्चे की कस्टडी अपने पास देने की मांग की है।
यह मामला मेरठ के लोहियानगर क्षेत्र का है, जहां गजला नाम की महिला ने अपने पूर्व पति कलीम पर आरोप लगाए हैं। महिला ने 10 जून को पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार, गजला और कलीम का निकाह 2014 में हुआ था। दोनों के तीन बच्चे हैं। जनवरी 2026 में दोनों का तलाक हो गया था। इसके बाद से 8 साल का बेटा अहम अपने पिता के पास रह रहा है।
यह भी पढ़ें: घर में बन रही थी ड्रग्स, पुलिस आई तो थर्ड फ्लोर से कूदी अफ्रीकी महिला, हो गई मौत
पुलिस शिकायत में गजला ने क्या कहा?
पुलिस के अनुसार, गजला ने बताया कि तलाक के बाद उनका 8 साल का बेटा कलीम के पास रह रहा था। गजला का आरोप है कि कलीम बच्चे का सही ढंग से ख्याल नहीं रख रहा है और उसे गलत संगत में डाल रहा है। वह अहम को सिगरेट पीने के लिए बढ़ावा देता है। साथ ही, बच्चे के वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड करता था।
इस वीडियो को गजला ने पुलिस को दिखाया, जिसमें बच्चा सिगरेट पीते हुए नजर आ रहा है। इसी आधार पर गजला ने पुलिस से मांग की कि बच्चे की कस्टडी उसे सौंपी जाए। इसके अलावा, गजला ने आरोप लगाया कि कलीम किसी मामले में जेल भी जा चुका है। महिला का यह भी कहना है कि कलीम बच्चे की पढ़ाई पर ध्यान नहीं देता, जिससे उसके भविष्य पर बुरा असर पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें: 700 में बनवाए आधार कार्ड और बन गए इंडियन, खुल गई बांग्लादेशी घुसपैठियों की पोल
शिकायत में गजला ने यह भी कहा कि जब वह 8 जून को अपने बेटे से मिलने गई थीं, तब उनके पूर्व पति और उसके परिवार के लोगों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने दी खास जानकारी
इस मामले पर पुलिस अधिकारी ने कहा, 'महिला के दिखाए गए वीडियो में बच्चा सिगरेट पीता नजर आ रहा है, हालांकि उसमें उसका पूर्व पति दिखाई नहीं दे रहा है।' इसके बाद पुलिस ने कहा, 'वीडियो में बच्चा कमरे के अंदर अकेले सिगरेट पीता दिखाई दे रहा है, जबकि महिला का आरोप है कि उसका पूर्व पति बच्चे को गलत रास्ते पर ले जा रहा है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।'