बिहार के कटिहार में पिता द्वारा अपनी जीवित बेटी का पिंडदान करने का मामला सामने आया है। बेटी के दूसरी जाति के युवक से प्रेम विवाह करने के कारण पिता नाराज था। शादी से परिवार इतना खफा था कि पिता और भाई दोनों ने अपना सिर मुंडवा लिया। इसके बाद हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार बेटी का श्राद्ध कर्म भी कर दिया। मामला जिले के कदवा थाना क्षेत्र की कंटिया पंचायत के निझरा गांव का है। पिता की पहचान श्याम ठाकुर और बेटी की पहचान सैजल कुमारी के रूप में हुई है। सैजल ने बीते 23 अक्टूबर को घर छोड़कर अपने प्रेमी के साथ मंदिर में शादी कर ली थी। इस पर पिता ने कहा कि अब उनके लिए बेटी मर चुकी है।
सैजल अपने ही गांव के दूसरी जाति के एक युवक से प्यार करती थी। वह उससे शादी करना चाहती थी, लेकिन परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था। परिवार की मर्जी के बिना सैजल ने प्रेमी से शादी कर ली और उसके साथ बाहर चली गई। जब इस बात की जानकारी पिता श्याम ठाकुर और उसके भाई को हुई तो दोनों नाराज हो गए। इसी गुस्से में पिता-पुत्र ने गांव के घाट पर जाकर सैजल का श्राद्ध कर्म कर दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैष
'मेरे लिए बेटी मर गई'
बेटी की शादी की खबर सुनकर श्याम ठाकुर ने कहा कि आज से उनके लिए बेटी मर गई है। उन्होंने कहा, 'बेटी ने समाज में उनकी नाक कटा दी है। दूसरी जाति में शादी करके उसने परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई है। अब उनका बेटी से कोई संबंध नहीं है।'
यह भी पढ़ें: चंद्रा प्रोटेको पर 210 करोड़ की बैंक धोखाधड़ी का आरोप, CBI की छापेमारी
इसके बाद पिता और बेटे ने गांव के घाट पर जाकर अपना सिर मुंडवाया। पंडित को बुलाकर जीवित बेटी के नाम से पिंडदान कराया और श्राद्ध कर्म किया। दोनों ने कहा कि अब उनका बेटी से कोई संबंध नहीं है और वह उनके लिए मर चुकी है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें पिता और भाई मुंडन कराने के बाद पिंडदान करते दिखाई दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें: फूल तोड़ते हुए बेटा फिसला, पिता बचाने पहुंचे, 23वीं मंजिल गिरकर दोनों की मौत
क्या कहता है कानून?
ग्रामीण इलाकों में आज भी जातिगत बंधन प्रभाव देखने को मिलता है। कई बार अंतरजातीय विवाह करने वाले युवक-युवतियों को परिवार और समाज के विरोध का सामना करना पड़ता है। हालांकि, कानून के मुताबिक भारत में बालिग युवक और युवती अपनी मर्जी से विवाह कर सकते हैं। विवाह के लिए जाति का बंधन नहीं है। सरकार भी अंतरजातीय विवाह को प्रोत्साहित करती है। इसके लिए डॉ. आंबेडकर अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत पात्र दंपतियों को 2.5 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है।
इसके बावजूद देश के कई हिस्सों में अंतरजातीय विवाह को लेकर विरोध और ऑनर किलिंग जैसी घटनाएं सामने आती रहती है। इस मामले में पुलिस ने कहा है कि अगर सैजल कुमारी की ओर से कोई शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सैजल अपने पति के साथ सुरक्षित है। उसने कहा है कि उसने अपनी मर्जी से शादी की है और वह खुश है।