मुंबई में एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। कफ परेड इलाके में 20 साल की एक युवती, जो सुन नहीं सकती और बोल भी नहीं सकती, उसके साथ उसके ही पिता ने बलात्कार किया और वह गर्भवती हो गई। डीएनए जांच से पिता का जुर्म साबित होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
सितंबर 2025 में इस युवती को पेट में तकलीफ हुई। उसने अपनी दादी को इशारों से बताया कि उसके पेट में 'कीड़े रेंगते' जैसे महसूस हो रहे हैं। दादी ने उसे मुंबई के कामा एंड अल्बलेस अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों की जांच में पता चला कि वह पांच महीने की गर्भवती है। अस्पताल ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ेंः 180 करोड़ की ठगी,176 मामले, दिल्ली पुलिस ने किया साइबर क्राइम रैकेट का खुलासा
दिव्यांग है युवती
पुलिस को शुरुआत में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने में परेशानी हुई क्योंकि युवती सुन-बोल नहीं सकती थी और पहले बयान देने से डर रही थी। जब पिता से इस बारेक में पूछताछ की गई तो उसने सब कुछ नकार दिया और इस बात का कोई जवाब नहीं दे सका कि आखिर बेटी गर्भवती कैसे हो गई। पिता ने इस बारे में पुलिस में शिकायत करने से भी मना कर दिया।
17 लोगों के सैंपल से मिलान
काउंसलिंग के बाद युवती ने हिम्मत जुटाई और शिकायत दर्ज कराई। उसके बताए अनुसार पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया, जिसमें 17 साल का एक लड़का भी शामिल था। साथ ही, कुल 17 संदिग्धों (जिनमें पिता भी शामिल था) के डीएनए और खून के सैंपल लिए गए। इन सैंपलों की जांच भ्रूण (फीटस) के डीएनए से की गई।
पिता ही था दोषी
27 जनवरी 2026 को रिपोर्ट आई, जिसमें सिर्फ एक मैच मिला। वह था युवती के पिता का। इससे साबित हो गया कि बलात्कार करने वाला और बच्चे का बाप वही पिता है। पुलिस के अनुसार यह अपराध मार्च से 21 सितंबर 2025 के बीच हुआ था। केस 22 सितंबर 2025 को दर्ज किया गया था।
यह भी पढ़ें-- बमबारी, धमकियां और कब्जे की लड़ाई; इस मुस्लिम मुल्क में आखिर हो क्या रहा है?
पुलिस ने बताया कि इस बात की संभावना है कि युवती की दिव्यांगता का फायदा उठाकर और भी लोग इसमें शामिल हुए हों, उनकी जांच जारी है। पहले गिरफ्तार दो लोगों के खिलाफ भी चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।