उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी के फ्लैट में आज सुबह भीषण आग लग गई। रिपोर्ट्स के अनुसार, आग 7वीं मंजिल पर लगी थी और 9वीं मंजिल तक फैल गई। आग की लपटें इतनी ऊंची है कि आसमान में काले धुएं का गहरा गुबार छा गया। आग लगने से सोसाइटी के लोगों में अफरातफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने आग लगने की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंचकर आग बुझने के काम में जुटी है।आग का धुंआ दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे तक से देखा जा सकता है। इस घटना के कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया के जरिए सामने आए हैं।
यह भी पढ़ें: '2046 के बाद सुनवाई होगी', 90 साल की बुजुर्ग का केस 20 साल के लिए क्यों टल गया?
लोगों को निकाला बाहर
सोसाइटी के जिस टावर में आग लगी है उसमें कुल 13 मंजिलें बताई जा रही हैं। आग लगने की घटना की जानकारी मिलते ही ऊपर के फ्लोर में फंसे लोग चीख पुकार करने लगे। सोसाइटी की मैनेजमेंट ने ऊपर फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और फायर ब्रिगेड को मामले की जानकारी दी। इसके बाद मौके पर पहुंचकर फायर ब्रिगेड की टीम ने मोर्चा संभाला और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। खबर लिखे जाने तक फायर ब्रिगेड की टीम अपने काम में लगी हुई है और आग पर काबू नहीं पाया जा सका है।
लोग परेशान
आग लगने के कुछ ही मिनटों के बाद धुएं का गुबार आसमान में दिखाई देने लगा। कुछ ही मिनटों में ऊंची-ऊंची लपटें आसमान छूती नजर आने लगीं। आसमान में काले धुएं के गुबार को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से देखा जा सकता है। आग लगने की जानकारी मिलने के बाद सोसाइटी में एहतियात के तौर पर बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। हालांकि, लोगों के चेहरे पर अभी भी चिंता छाई हुई है। इस हादसे में अभी तक कितना नुकसान हुआ है इसकी जानकारी सामने नहीं आई है लेकिन अब तक किसी के भी हताहत होने की खबर नहीं है।
यह भी पढ़ें: Live: पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की 142 सीटों पर वोटिंग, TMC पर भारी पड़ेगी BJP?
कैसे लगी आग?
आग लगने के कारणों की अभी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की गई है। हालांकि, अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार, AC का कंप्रेसर फटने से आग लगी। आग इतनी भयानक थी कि कुछ ही मिनटों में आग ने ऊपर की मंजिलों को भी अपनी चपेट में ले लिया। फायर ब्रिगेड की आधा दर्जन गाड़ियां अभी भी आग बुझाने में लगी हुई हैं।
कोई हताहत नहीं
उत्तर प्रदेश के चीफ फायर ऑफिसर राहुल कुमार ने दोपहर 11 बजे इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि इस हादसे में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ है। फायर सर्विस ने सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया था। उन्होंने कहा, 'इस आग की चपेट में 7वें से 9वें फ्लोर तक कई मकान चपेट में आए हैं। हर एक घर में आग बुझाने का काम किया जा रहा है और आग पर काबू पा लिया गया है। इस समय मौके पर 17 से ज्यादा गाड़ियां तैनात हैं।' उन्होंने बताया कि मौके पर गाजियाबाज प्रशासन की सीनियर अधिकारी भी मौजूद हैं।