logo

मूड

ट्रेंडिंग:

नोएडा की 5 मंजिला बिल्डिंग में लगी भीषण आग, बल्लियों के सहारे बचकर निकले लोग

उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 66 के फेज-3 पुलिस स्टेशन इलाके में एक पांच मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई। बांस की सीढ़ियों की मदद से इमारत में फंसे परिवारों को आनन-फानन में बाहर निकाला गया।

Fire breaks out in Noida Mamura village

रिहायशी इमारत में आग लगी, Photo Credit: PTI

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर के नोएडा के ममूरा गांव में बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सेक्टर-66 के फेज-3 थाना क्षेत्र में स्थित पांच मंजिला रिहायशी बिल्डिंग में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की खबर मिलते ही आस-पास के लोग हरकत में आ गए, बांस की सीढ़ियों का इस्तेमाल करके लोगों को बचाया गया और बगल की इमारत में पहुंचाया गया। मौके पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां पहुंचीं और तुरंत राहत-बचाव का काम शुरू कर दिया।

 

दमकल कर्मियों ने समय रहते बिल्डिंग में रहने वाले करीब 50 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, इलाके की संकरी गलियों की वजह से रेस्क्यू में काफी दिक्कत आई। ऐसे में फंसे लोगों को बचाने के लिए बांस की सीढ़ियां लगाकर उन्हें दूसरी बिल्डिंग में पहुंचाया गया, जिसके बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

 

यह भी पढ़ें: अचानक चर्चा में क्यों आया हरिके पत्तन? अब बनने जा रहा शहीद स्मारक

दो लोगों को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल भेजा

गौतमबुद्ध नगर के संयुक्त पुलिस आयुक्त राजीव नारायण ने बताया कि आग बुझाने के लिए सात दमकल गाड़ियां, हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और विशेष रेस्क्यू वाहन लगाए गए। कई लोगों को सीढ़ियों और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से बाहर निकाला गया। हालांकि, धुएं की चपेट में आने से दो लोगों की तबीयत बिगड़ गई। दोनों को तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

 

यह भी पढ़ें: बांकीपुर चुनाव से पहले PK को बड़ा झटका, जन सुराज के कई दिग्गज नेता BJP में गए

कैसे लगी आग?

शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग की शुरुआत एक इलेक्ट्रिक वाहन (EV) को चार्ज करते समय हुई। आशंका है कि चार्जिंग के दौरान निकली चिंगारी से आग भड़की और पास में खड़े पेट्रोल वाहनों तक फैल गई। इसके बाद आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। हालांकि, आग लगने के सही कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

 

अधिकारियों के मुताबिक, यह ग्राउंड प्लस चार (G+4) रिहायशी इमारत है, जिसके ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग बनी हुई है। आग लगने के बाद पार्किंग से निकला घना धुआं तेजी से पूरी बिल्डिंग में फैल गया। इससे ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। इमारत की हर मंजिल पर करीब पांच परिवार रहते हैं और प्रत्येक फ्लोर पर दो कमरों वाले कई फ्लैट बने हुए हैं। दमकल कर्मियों ने लगातार रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

 

यह भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी: दो आरोपी 14 घंटे की रिमांड पर, खुल सकते हैं कई बड़े राज

बिल्डिंग मालिक और लीजधारक पर कार्रवाई

घटना के बाद पुलिस ने फेज-3 थाने में संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बिल्डिंग के मालिक और लीजधारक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा मानकों में किसी तरह की लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।


और पढ़ें