हरियाणा के नूहं जिले में पुलिस टीम पर हमले का मामला सामने आया है। पुलिस को जानकारी मिली थी कि नूंह जिले के एक गांव में पंजाब से वाहन चोरी करके लाया गया है। टीम ने गांव में छापा मारा तो ग्रामीणों ने पथराव शुरू कर दिया। इस बीच कई राउंड फायरिंग भी की गई। पुलिस ने बिछोर थाने में मामला दर्जकर 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम पर हमला होते ही गांव में अतिरिक्त बल बुलाया गया। संदिग्धों की धर पकड़ तेज कर दी गई है। पुलिस के जवान गांव में गश्त करने में जुटे हैं, ताकि शांति कायम रखी जा सके।
पुलिस के मुताबिक घटना नूंह जिले के इंदाना गांव में शनिवार सुबह की है। तावडू और पुन्हाना सीआईए स्टाफ की संयुक्त टीम ने इंदाना गांव में दबिश दी। मगर ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पथराव और हवाई फायरिंग शुरू कर दी। हमले में 4-5 पुलिसकर्मियों को चोट आई है। कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। अभी तक तीन महिलाओं समेत 14 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी पूर्व जिला पार्षद आजाद फरार है। पुलिस की कई टीमें उसे पकड़ने की कोशिश में जुटी हैं। पूरा विवाद आजाद के घर पर दबिश के बाद ही शुरू हुआ है।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु भगदड़: अब तक किस-किस ने किया मुआवजे का ऐलान?
महिला को हिरासत में लेते ही ग्रामीणों ने किया हमला
पुलिस के मुताबिक पंजाब से वाहन चोरी के मामले में इंदाना गांव के रहने वाले आजाद, शाहिद और शाहरुख संदिग्ध हैं। शनिवार को सुबह 11:30 बजे पुलिस टीम आजाद के घर पहुंची, लेकिन सभी भाग निकले। घर की महिलाओं ने पुलिस के साथ बदसलूकी की। जब महिला पुलिसकर्मियों की सहायता से एक महिला को हिरासत में ले लिया गया तो आस-पड़ोस के लोगों ने टीम पर पथराव शुरू कर दिया। हवाई फायरिंग भी की।
पुलिस को मिली अवैध पिस्टल
डीएसपी जितेंद्र राणा ने बताया कि पंजाब पुलिस ने तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं। पंजाब से वाहन किराये पर लाकर और जाली दस्तावेज तैयार करके मेवात में बेचा जा रहा था। इस संबंध में पहले भी छापामारी की जा चुकी है। करीब 222 वाहनों की चोरी का पता चला है। तावड़ू सीआईए को सूचना मिली की निदाना गांव में आजाद के घर पर तीन व्यक्ति हैं। अगर छापा मारा जाता है तो गाड़ियां मिल सकती हैं और आरोपी भी पकड़े जा सकते हैं। पुलिस टीम पर दराती से भी हमला किया गया है। मौके से एक अवैध पिस्टल मिली है।
डीएसपी ने आगे बताया कि 16 लोगों के खिलाफ नामजद और गांव के करीब 50 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुन्हाना, तावडू और फिरोजपुर झिरका की एसआईए टीम आरोपियों को गिरफ्तारी की कोशिश में जुटी है। जल्द से जल्द इन्हें पकड़कर पंजाब पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: मुंगेर में बवाल, दो पक्षों में जमकर हुई फायरिंग; जमीन का विवाद
पुलिस ने अब तक इनको पकड़ा
पुलिस टीम पर हमले के बाद गांव में तैनाव का माहौल है। चप्पे-चप्पे पर जवान तैनात हैं। हर संदिग्ध पर निगाह रखी जा रही है। दूसरी तरफ कई थानों की पुलिस आरोपियों के धर पकड़ में जुटी है। अभी तक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शौकीन, यूनुस, जावेद, नासिर, हाफिज, रिहान, मुश्ताक, अजहरुद्दीन, यूसुफ, वाजिद, नईमा, शाहीना और नजमा के तौर पर हुई है।