बिहार के समस्तीपुर जिले के बिथान प्रखंड में उस समय हड़कंप मच गया जब प्रसाद खाने के बाद एक साथ 50 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ गई। घटना बिथान थाना क्षेत्र के उजान पंचायत के पड़ी गांव की है। पूजा समारोह में प्रसाद खाने के कुछ देर बाद ही महिलाओं, पुरुषों और बच्चों को दस्त, उल्टी और बुखार की शिकायत होने लगी। आनन-फानन में सभी बीमार लोगों को बिथान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में मरीजों के पहुंचने से PHC परिसर में भीड़ लग गई।
जानकारी के अनुसार पड़ी गांव में शुक्रवार को एक पूजा समारोह का आयोजन किया गया था। गांव के ही एक घर में आयोजित इस पूजा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए थे। पूजा के बाद सभी लोगों के बीच प्रसाद का बांटा किया गया था। प्रसाद खाने के कुछ घंटे बाद ही लोगों को पेट में दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। पहले दो-तीन लोगों की तबीयत बिगड़ी लेकिन धीरे-धीरे बीमार लोगों की संख्या बढ़ती गई। बच्चों और महिलाओं की हालत ज्यादा खराब होने लगी।
यह भी पढ़ें: लालू यादव को बताया कलयुग का भगवान, RJD नेता ने तस्वीर पर चढ़ाया 251 किलो दूध
गांव में खबर फैलते ही लोग अपने-अपने परिजनों को लेकर बिथान PHC की ओर भागे। देर शाम तक करीब 50 से 60 मरीज PHC में भर्ती हो गए। अस्पताल में बेड कम पड़ गए और कई मरीजों को जमीन पर लिटाकर इलाज करना पड़ा। अस्पताल परिसर में परिजनों की भीड़ जुट गई। चिकित्सकों की पूरी टीम मरीजों के इलाज में जुट गई। सभी को फूड पॉइजनिंग का शुरुआती इलाज दिया जा रहा है। स्लाइन और दवाइयां चढ़ाई जा रही हैं।
SDM और सिविल सर्जन पहुंचे बिथान
घटना की जानकारी मिलते ही रोसड़ा के SDM संदीप कुमार और समस्तीपुर के सिविल सर्जन डॉ राजीव कुमार देर रात बिथान पीएचसी पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने भर्ती मरीजों से बातचीत की और पूरे मामले की जानकारी ली। मरीजों ने बताया कि प्रसाद खाने के बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ी है। SDM ने अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों से इलाज की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली और सभी मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
वहीं सिविल सर्जन डॉ राजीव कुमार खुद अस्पताल में मौजूद रहकर मरीजों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि सभी मरीज खतरे से बाहर हैं और उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है। डॉक्टरों की एक अतिरिक्त टीम को भी बिथान PHC में तैनात किया गया है। प्रशासन ने प्रसाद के सैंपल को जांच के लिए भेजने की बात कही है।
यह भी पढ़ें: रात में बैंगन का भरता खाया, सुबह तीन बहनों की हो गई मौत; गांव में मचा हड़कंप
SDM का दवा मामला फूड प्वाइजनिंग का
SDM संदीप कुमार ने बताया कि अस्पताल पहुंचे सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल सुधार की ओर है। डॉक्टरों की टीम लगातार मरीजों का इलाज कर रही है। उन्होंने कहा कि यह फूड पॉइजनिंग का मामला लग रहा है लेकिन घटना के सही कारणों की जांच की जाएगी। जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी कि प्रसाद में क्या खराबी थी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि घबराएं नहीं प्रशासन पूरी तरह से नजर बनाए हुए है।
इधर घटना के बाद गांव में भी दहशत का माहौल है। जिन लोगों ने प्रसाद खाया था वे डर के कारण अस्पताल पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में जाकर भी लोगों की जांच कर रही है। फिलहाल PHC में भर्ती सभी 50 से अधिक मरीजों का इलाज जारी है और देर रात तक और भी मरीजों के पहुंचने का सिलसिला जारी था।