logo

मूड

ट्रेंडिंग:

खगड़िया में 4 घरों में मिली मिनी गन फैक्ट्री, 4 आरोपी गिरफ्तार; अधबने असलहे मिले

बिहार के खगड़िया जिले में पुलिस ने चार घरों से चार अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। अब तक चार आरोपी हत्थे चढ़े हैं। अन्य साथियों और नेटवर्क की जांच की जा रही है।

Bihar News

सांकेतिक फोटो। (AI-generated image)

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

बिहार में अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ खगड़िया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एक साथ चार जगहों पर छापेमारी कर मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अर्धनिर्मित हथियार और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।

 

इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है जिसकी तलाश जारी है। एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि मुफ्फसिल क्षेत्र में अवैध रूप से देसी कट्टे बनाए जा रहे हैं। इसी के आधार पर विशेष टीम बनाकर एक साथ कई ठिकानों पर छापा मारा गया।

 

यह भी पढ़ें: नेपाल में सांप्रदायिक हिंसा, तीन जिलों में कर्फ्यू; अब तक तीन की मौत

चार घरों से मिली मिनी गन फैक्ट्री

एसपी ने बताया कि छापेमारी मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के करारी वार्ड-13 स्थित जंगली मंडल टोला में की गई। पुलिस ने गौतम मंडल और सिंटू मंडल उर्फ संटू मंडल के घर से एक मिनी गन फैक्ट्री पकड़ी। इसके अलावा बिजली कुमारी के घर से दूसरी, रुक्मणी देवी के घर से तीसरी और राहुल कुमार के घर से चौथी मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा हुआ।

 

छापेमारी के समय इन घरों में हथियार बनाने का काम चल रहा था। पुलिस को देखते ही आरोपी इधर-उधर भागने लगे लेकिन चार लोगों को मौके पर ही दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम मंडल, सिंटू मंडल उर्फ संटू मंडल, बिजली कुमारी और रुक्मणी देवी के रूप में हुई है। वहीं राहुल कुमार मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

20 कट्टों के बेस-21 बैरल समेत भारी मात्रा में उपकरण बरामद

पुलिस ने छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अवैध हथियार और उन्हें बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए हैं। बरामदगी में 20 देसी कट्टों के बेस, एक अर्धनिर्मित बेस, 21 बैरल, 20 अर्धनिर्मित इजेक्टर, दो ट्रिगर और एक कारतूस का खोखा शामिल है। इसके अलावा हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली तीन बेस मशीन, चार हैंड ड्रिल मशीन, दो ग्राइंडर मशीन, 13 ग्राइंडर ब्लेड, दो डाई मशीन, हथौड़ी, रेती, हेक्सा ब्लेड, बसूला और हसुआ भी जब्त किया है। 

 

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान में पुलिस चौकी पर हमला, 11 की मौत; बलूचिस्तान में 6 मजदूरों की हत्या

 

एसपी ने बताया कि आरोपी इन उपकरणों की मदद से देसी कट्टे तैयार कर उन्हें बिहार के विभिन्न जिलों और पड़ोसी राज्यों में सप्लाई करते थे। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया है कि वे पिछले कई महीनों से इस धंधे में लगे हुए थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन हथियारों की सप्लाई कहां-कहां की जाती थी और इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान

एसपी ने कहा कि खगड़िया पुलिस अवैध आग्नेयास्त्र निर्माण और तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उनके मोबाइल और बैंक खातों की भी जांच की जाएगी ताकि यह पता चल सके कि हथियारों की खरीद-बिक्री में और कौन शामिल है। फरार आरोपी राहुल कुमार की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। पुलिस उन ठिकानों पर भी दबिश दे रही है, जहां इन हथियारों को रखा या बेचा जाता था।


और पढ़ें