देशभर में खाने-पीने की चीजों की क्वालिटी को लेकर कई जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत दिल्ली के नामी 5 स्टार होटल पर गाज गिरी है। रोहिणी के 'सेवन सीज होटल' में फुड सेफ्टी में कई कमियां पाई गई। इस कारण खाद्य सुरक्षा विभाग (FSSAI) ने इसका लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है। विभाग ने होटल मैनेजमेंट को इस दौरान सभी तरीके के फूड बिजनेस और होटल में मौजूद किचन को तुरंत बंद करने का आदेश दिया है।
जांच के दौरान अधिकारियों को रसोई और स्टोर रूम में बदबू, गदंगी और भारी लापरवाही देखने को मिली। सुरक्षा मानकों पर पूरी तरह से खरी न उतरने की वजह से होटल को महज 30% का स्कोर मिला। इसके बाद विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए मौके पर ही लगभग 74 किलो खराब फुड आइटम को बर्बाद करवा दिया।
यह भी पढ़ें: धौलासिद्ध प्रोजेक्ट: सुक्खू सरकार कोर्ट में दाखिल करेगी शपथ पत्र
जांच में क्या आया सामने?
जांच के दौरान किचन में सड़ा-गला और फंगस लगा खाना मिला। स्टोर रूम में टमाटर, पपीता, गुड़ और काजू पर फंगस लगा हुआ था। इसके अलावा शिमला मिर्च सड़ी हुई हालत में मिली। हैरान कर देने वाली बात यह रही कि खाना पकाने के लिए इस्तेमाल हो रहा तेल पूरी तरह काला और खराब हो चुका था।
वेज और नॉन वेज खाने को अलग-अलग रखने का नियम पूरी तरह से अनदेखा किया गया। मीट को सही तरीके से स्टोर नहीं किया गया था। साथ ही कोल्ड स्टोरेज की छतों से पानी नीचे रखे खाने पर सीधे टपक रहा था। खाना बनाने वाली जगह पर पानी जमा हुआ था। आसपास तेज बदबू और चारों तरफ गंदगी फैली हुई थी। रसोई के अंदर कॉकरोच और मक्खियां भी घूमती पाई गईं।
फ्रिज और कोल्ड स्टोरेज में जरूरत से ज्यादा बर्फ जमी हुई थी और कूलिंग लीक हो रही थी। होटल में वेंटिलेशन और रोशनी की कमी के साथ-साथ दीवारों के प्लास्टर उखड़े हुए पाए गए। सफाई, रिकॉर्ड मेंटेनेंस और पानी की जांच से जुड़ी रिपोर्ट में भी कई कमियां मिलीं।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में भूपेंद्र यादव से मिले जयराम ठाकुर, हिमाचल के विषयों पर हुई चर्चा
फूड सेफ्टी पर सख्ती
सेवन सीज होटल पर हुई यह कार्रवाई कोई अकेली घटना नहीं है। इन दिनों देशभर में बड़े और नामचीन होटल पर लगातार छापेमारी की जा रही है। हाल ही में मुंबई में भी FDA ने ब्लिंक कॉमर्स के एक फैसिलिटी सेंटर का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया था। वहां खाने के चीजों के रखरखाव वाले हिस्से में चूहे, चूहों की मैंगनी और कॉकरोच पाए गए थे।