बिहार के गया जिले के गुरुआ बाजार में हुए चर्चित ज्वेलरी लूटकांड में गया पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। करीब 15 दिन पहले दिनदहाड़े हुई 50 लाख रुपये की लूट के मुख्य आरोपी समेत दो अपराधियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। दोनों अपराधियों के पैर में गोली लगी है और उन्हें पुलिस सुरक्षा के बीच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी निशानदेही पर लूटा गया सोना भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ज्वेलरी लूटकांड में शामिल अपराधी आमस थाना क्षेत्र के बनाही बालू घाट के पास किसी नई वारदात को अंजाम देने की तैयारी में जुटे हैं। सूचना मिलते ही विशेष टीम गठित कर इलाके की घेराबंदी की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अपराधियों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो अपराधियों के पैर में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही दबोच लिया गया।
यह भी पढ़ें: बिहार के स्कूल बनेंगे मिट्टी वैज्ञानिकों की लैब, छात्र करेंगे सॉयल टेस्ट
गिरफ्तार अपराधियों में लूटकांड का मुख्य आरोपी सुजीत चौधरी भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, सुजीत के पैर में तीन गोलियां लगी हैं, जबकि उसके साथी को एक गोली लगी है। दोनों को तत्काल मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
15 दिन पहले ज्वेलरी दुकान पर बरसाई थीं गोलियां
गौरतलब है कि करीब पंद्रह दिन पहले गुरुआ बाजार स्थित ज्वेलरी व्यवसायी प्रभाकर प्रसाद की दुकान पर दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे छह बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। गोलीबारी में व्यवसायी घायल हो गए थे। इसके बाद अपराधी नकदी और सोने-चांदी के आभूषण समेत लगभग 50 लाख रुपये की संपत्ति लूटकर फरार हो गए थे। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP, IG समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया था और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए SIT का गठन किया गया था।
यह भी पढ़ें: बिहारी युवाओं को एकजुट करने के लिए जन सुराज ने खोला मोर्चा, क्या है प्लानिंग?
पूछताछ में कबूला जुर्म, सोना बरामद
अस्पताल में पूछताछ के दौरान गिरफ्तार दोनों अपराधियों ने ज्वेलरी लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर लूटा गया सोना भी बरामद कर लिया है। हालांकि बरामद आभूषणों की मात्रा और कीमत का आधिकारिक खुलासा अभी नहीं किया गया है। पुलिस के अनुसार, इस लूटकांड में कुल पांच अपराधी शामिल थे। मुठभेड़ के दौरान तीन अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
गया पुलिस ने इस कार्रवाई को संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में लूट, डकैती और हथियारबंद अपराधों पर लगाम लगाने के लिए आगे भी इसी तरह का अभियान जारी रहेगा। गुरुआ ज्वेलरी लूटकांड में हुई यह कार्रवाई अपराधियों के लिए स्पष्ट संदेश है कि कानून से बचना अब आसान नहीं होगा।