उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक रोचक मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पति पर 70 साल की उम्र में चौथी शादी करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि उसके पति की आदत है कि वह बार-बार शादियां करता है और बच्चे पैदा करके बीवियों को छोड़ देता है। हाजी खलील नाम के इस शख्स ने इस बार 20 साल की लड़की से शादी कर ली है। हाजी खलील की दूसरी पत्नी का कहना है कि पहले ही हाजी के 11 बच्चे हैं और नई शादी करके वह और बच्चे पैदा करना चाहते हैं। अब इसी को लेकर परिवार में झगड़ा हो गया है और नई दुल्हन को घर से निकालने की धमकी दी जा रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, दो बार पार्षद रहे हाजी खलील का ताल्लुक समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी से रहा है। फिलहाल वह समाजवादी पार्टी से जुड़े हुए हैं। बताया गया है कि हाजी खलील की पहली शादी 1988 में हुई थी और पहली बीवी से उनके कुल 8 बच्चे हैं। दूसरी शादी 1991 में हुई और दूसरी बीवी से 3 बच्चे हैं। तीसरी बीवी का कोई बच्चा नहीं है और अब हाजी खलील चौथी बीवी भी ले आए हैं। यही मामला अब गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर तक भी पहुंच गया है।
यह भी पढ़ें: बंगाल में चुनाव नतीजों के बाद हिंसा, BJP और TMC के एक-एक समर्थकों की मौत
क्या है मामला?
पुलिस कमिश्नर के पास अपनी शिकायत लेकर पहुंचीं नाजरीन हाजी खलील की दूसरी पत्नी हैं। उनका आरोप है कि हाजी खलील एक स्कूल को चलाने वाली कमेटी के सदस्य हैं और उसी स्कूल में पढ़ने वाली एक 20 साल की लड़की को 45 साल की बताकर अपने घर में रख लिया है। यह भी आरोप लगाया गया है कि हाजी खलील का उस स्कूल में आना-जाना है और अपने पद के दम पर वह वहां पढ़ने वाली लड़कियों और पढ़ाने वाली टीचर्स का शोषण करता है। इतना ही नहीं, नाजरीन का आरोप है कि कई परिवारों ने इसी के चलते उस स्कूल में अपने बच्चों को भेजना बंद कर दिया है।
लिखित शिकायत में नाजरीन ने कहा है कि हाजी खलील बिजली की चोरी करता है और 50 से 60 ई रिक्शा चार्ज करके पैसे कमाता है। साथ ही, शराब, ड्रग्स और गांजे का सेवन करता है। नाजरीन का आरोप है कि खलील ने अपनी ज्यादातर संपत्ति भी नई पत्नी के नाम कर दी है और अब अपने ही बच्चों को घर से निकालने पर आमादा है। पुलिस ने शुरुआती जांच में पाया है कि असली मामला संपत्ति के झगड़े का ही है।
यह भी पढ़ें: पत्नी से झगड़े के बाद शिव मंदिर पहुंचा पति, गुप्तांग काटकर चढ़ाया
आरोप है कि हाजी खलील के पास 50 करोड़ की संपत्ति है और नगर निगम की संपत्ति पर भी कब्जा कर लिया है। ऐसी ही एक दुकान पर कब्जे को लेकर हुए विवाद के चलते बात पुलिस तक पहुंची। मौके पर पहुंची पुलिस को दुकान के मौजूदा मालिक ने कागज दिखाए कि उसने यह दुकान खलील से खरीदी है। दुकानदार राशिद ने नाजरीन और उनके बेटे-बेटियों के खिलाफ मारपीट और दुकान पर कब्जा करने के आरोप भी लगाए हैं। इस घटना के बारे में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष फैजल हुसैन का कहना है कि वह पहले सपा में थे लेकिन अब उनका समाजवादी पार्टी से कोई संबंध नहीं है।