logo

मूड

ट्रेंडिंग:

हरिद्वार: पूजा कर रही महिलाओं को शख्स ने जड़े थप्पड़, लोग बोले- ये देवभूमि है?

हरिद्वार में हर की पौड़ी पर पूजा कर रही महिलाओं और एक व्यक्ति के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि बात मारपीट तक पहुंच गई।

haridwar har ki pauri

महिलाओं को पिटता एक युवक, Photo Credit: Social Media

उत्तराखंड में हरिद्वार के हर की पौड़ी क्षेत्र से महिलाओं के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। यहां पीपल के पेड़ के नीचे पूजा अर्चना कर रही महिलाओं के साथ एक स्थानीय युवक का विवाद हो गया। किसी बात को लेकर शुरू हुआ यब विवाद मारपीट तक पहुंच गया। मामला सामने आने के बाद पुलिस एक्शन में आई। आरोपी की पहचान रवि चौहान के रूप में हुई है और पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

 

यह मामला हर की पौड़ी क्षेत्र का है। पीड़ित महिलाएं उत्तर प्रदेश के झांसी की रहने वाली बताई जा रही हैं। महिलाएं पिछले कुछ दिनों से सुबह के समय हर की पौड़ी क्षेत्र में पूजा अर्चना करने आ रही थीं। इसी दौरान रवि चौहान नाम का व्यक्ति कथित तौर पर रोज उनके साथ अभद्र टिप्पणी करता था और उन्हें परेशान करता था।

 

यह भी पढ़ें: टिफिन में बीफ ले आए 5 बच्चे, हिंदू छात्रों को ऑफर किया, अब निकाले जाएंगे

 

महिलाओं को मारे चांटे

महिलाओं का आरोप है कि सोमवार को भी आरोपी रवि चौहान वहां पहुंचा और उसने महिलाओं से अपशब्द कहे। महिलाएं पीपल के पेड़ के नीचे पूजा कर रही थीं। जब महिलाओं ने आरोपी की हरकतों का विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद आरोपी ने महिलाओं के साथ मारपीट की और उन्हें चांटे मारे।

आरोपी गिरफ्तार

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद हरिद्वार पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। पीड़ित महिला की शिकायत पर कोतवाली नगर हरिद्वार में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी रवि चौहान को हिरासत में लिया और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की।

क्यों शुरू हुआ विवाद?

बताया जा रहा है कि यह विवाद सफाई को लेकर शुरू हुआ था। सुबह 5 बजे महिलाएं अधिक मास में पूजा करने हर की पौड़ी पर आती थीं। आरोपी व्यक्ति भी वहां पूजा करने आया था। इस दौरान वह मंदिर में सफाई करने लगा। इतने में वहां मौजूद महिलाएं प्लास्टिक की बाल्टी से पीपल के पेड़ को पानी दे रही थीं, जिससे फर्श पर गंदगी हो गई। युवक ने उन्हें गंदगी कम करने और व्यवस्थित तरीके से काम करने को कहा। इतने में महिलाएं भड़क गईं। 

 

इस मामले पर सीओ सिटी शिशुपाल नेगी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संबंधित महिला अधिक मास के दौरान नियमित रूप से हरकी पैड़ी क्षेत्र में पूजा-पाठ और ध्यान के लिए आती रही है। इसी दौरान किसी बात को लेकर वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति के साथ उसकी कहासुनी हो गई।

 

यह भी पढ़ें: बिहार की मंत्री के घर चला बुलडोजर, खड़ा होकर क्यों देखता रहा मंत्री का पति?

महिलाओं ने क्या बताया?

शिकायत में महिला ने बताया कि वह अपनी बहनों के साथ हर की पौड़ी क्षेत्र में पूजा करने आती थी। आरोप है कि रवि चौहान लगातार उनके साथ गलत व्यवहार करता था। महिलाओं ने जब उसे रोकने की कोशिश की और पुलिस चौकी चलने को कहा तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की। कोतवाली नगर पुलिस और हर की पौड़ी चौकी पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। 

 

आरोपी स्थानीय व्यक्ति बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी रवि चौहान के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि विवाद किस बात से शुरू हुआ और आरोपी महिलाओं को कितने समय से परेशान कर रहा था।

Related Topic:#Uttarakhand News

और पढ़ें